नागपुर : गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत

Nagpur: Innocent brother and sister died due to drowning in a pit
नागपुर : गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत
नागपुर : गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  सरकारी नाले में  बिना अनुमति के ईंट बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे के अंदर जमा पानी में गिरने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतक 10 वर्षीय आरुषि विलास राऊत और उसका छोटा भाई अभय राऊत (7) है। घटना 13 जून को हिंगना क्षेत्र के आमगांव (देवली) इलाके में हुई। सोमवार को हिंगना पुलिस ने देवली और सावंगी गांव के कुछ गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले और पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजे। 

घर में अकेला छोड़कर मजदूरी करने जाते थे माता-पिता
बच्चों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। घटना वाले दिन भी माता-पिता बच्चों को घर में छोड़कर मजदूरी करने गए गए। शाम करीब 6 बजे घर लौटने पर बच्चे दिखाई नहीं देने पर उन्होंने बच्चों की खोजबीन शुरू की। रातभर खोजने के बाद दूसरे दिन सोमवार को किसी ने उन्हें बताया कि उनके बच्चे सरकारी नाले की ओर गए थे। सोमवार को आरुषि और अभय के माता-पिता आमगांव के सरकारी नाले के पास पहुंचे। लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था। सोमवार की सुबह करीब 9 बजे माता-पिता हिंगना थाने में पहुंचे। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव सरकारी नाले के पानी से बरामद किए। इस घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई है। 

खेलते-खेलते नाले तक पहुंचे 
पुलिस के अनुसार माता-पिता के जाने के बाद दोनों भाई-बहन आस-पास के इलाके में घूमते थे। रविवार को भी आरुषि और अभय जब खेलते-खेलते गांव के सरकारी नाले की ओर जाने लगे, तब  उनके साथ गांव की एक बालिका थी, लेकिन उसकी मां उसे घर लेकर   चली गई। आरुषि और अभय खेलते-खेलते नाले के पास पहुंच गए। भाई - बहन न जाने कैसे नाले के गहरे पानी में गिर पडे, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ईंट भट्टे के मालिक द्वय आरोपी सुरेश मलिये और स्वदीप मलिये के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन दोनों आरोपियों ने बिना किसी अनुमति के सरकारी नाले का पानी गड्डा खुदवाकर रोक रखा था। इस पानी का उपयोग ईंट तैयार करने के लिए करते थे। इन दोनों आरोपियों की इस लापरवाही के कारण विलास राऊत के दोनों मासूम बच्चों की नाले में खोदे गए गड्ढे में गिरने से पानी में डूब जाने से मौत हो गई। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी देर रात तक नहीं हुई थी। 

ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौत
कोदेगांव बस्ती से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी बाल-बाल बच गई। घटना खापा थाना अंतर्गत सावनेर-खापा रोड पर कोदेगांव के पास सोमवार की सुबह 7 बजे हुई। मृतकों का नाम किसना दुघकवड़े (45), पानउबाली और प्रकाश बोरीवार (22), कान्हादेवी निवासी है। घायल महिला का नाम शशिकला किसना दुघकवड़े (40), पानउबाली निवासी है।

घटनास्थल पर ही दम तोड़ा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसना,  प्रकाश व किसना की पत्नी शशिकला दुधकवड़े बाइक (एम.एच.-41, बी.आर.-3057) तिबल सीट शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव पानउबाली गए थे। वहां से लौटते समय कोदेगांव बस्ती के भीतर से सड़क पर आते समय ट्रैक्टर (एम.एच.-31-बी.ई.-8410) चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाकर  बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक फरार
हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी बाल-बाल बच गई। वह मामूली रूप से चोटिल हुई है। फरियादी शशिकला की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ खापा थाने में मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। आगे की जांच जमादार विजय बारई व पुलिसकर्मी लाखे कर रहे हैं।

Created On :   15 Jun 2021 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story