बेटे को पीए बनाकर विदेश ले जाकर विवादों में घिरीं मेयर, कक्ष में घुस कर नारेबाजी, मांगा इस्तीफा

Nagpur Mayor Nanda jichkar in dispute due to foreign trip with son
बेटे को पीए बनाकर विदेश ले जाकर विवादों में घिरीं मेयर, कक्ष में घुस कर नारेबाजी, मांगा इस्तीफा
बेटे को पीए बनाकर विदेश ले जाकर विवादों में घिरीं मेयर, कक्ष में घुस कर नारेबाजी, मांगा इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेटे को ‘पीए’ बनाकर विदेश ले जाकर मेयर नंदा जिचकार विवादों में घिर गई हैं। उनके विरुद्ध  कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। विदेश दौरे पर निशाना साधने वाले होर्डिंग लहराए गए। परिसर और महापौर कक्ष में घुसकर उनकी कुर्सी पर फलक रखकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। पद और सत्ता का दुरुपयोग करने से महापौर से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की गई है। महापौर जिचकार अपने पुत्र को लेकर सैन फ्रांसिस्को में आयोजित एक परिषद में गई हैं। उनके गुरुवार को वापस लौटने की संभावना है। 

धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग
बच्चे को निजी सचिव (पीए) और वीजा के लिए मनपा का पता दिखाकर उन्होंने इस परिषद में हाजिरी लगाई। मामले का खुलासा होने के बाद महापौर सहित भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क पर उनके खिलाफ में आंदोलन भी हुआ है। भाजपा ने सावधानी बरतते हुए मामले को तूल न देने का निर्णय लिया है, लेकिन कांग्रेस ने  महापौर पर आयोजक और शहर को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन शुरू किया है। बुधवार को दोपहर 3 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए महापौर कक्ष में दाखिल हुए। हाथ में महापौर और उनके पुत्र की विदेश यात्रा पर आधारित फलक उनकी कुर्सी पर रखकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महापौर ने मनपा को झूठी जानकारी देकर कागजात जमा किए। इसके विरोध में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की गई।

पद का खुलेआम दुरुपयोग
महापौर की निष्क्रिय प्रणाली के कारण नगरसेवकों के विकास कामों को अब तक गति नहीं मिली है। समस्या का हल नहीं निकलने से महापौर को इस्तीफा देने की भी मांग की गई। विरोधी पक्ष नेता तानाजी वनवे और वरिष्ठ नगरसेवक प्रफुल गुडधे के नेतृत्व में आंदोलन किया गया। विरोधी पक्ष नेता वनवे ने कहा कि जिचकार को महापौर के रूप में दौरा करने का अधिकार है, लेकिन यह उनका निजी दौरा नहीं था, जिस कारण साथ में सरकारी पीए ले जाना अपेक्षित था। पुत्र को पीए बनाकर ले जाना, पद का दुरुपयोग और धोखाधड़ी है। प्रफुल गुडधे ने कहा कि नैतिकता का पाठ पढ़ाने वालों ने नैतिक भ्रष्टाचार किया है। पार्टी ने तत्काल उनसे इस्तीफा लेना चाहिए। अन्यथा कांग्रेस द्वारा महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जाएगा। आंदोलन में युवक कांग्रेस के कुणाल राऊत, महिला अध्यक्ष प्रज्ञा बडवाईक, नगरसेविका हर्षला साबले, आयशा उईके, जिशान मुमताज मो. इरफान अंसारी, नगरसेवक जुल्फीकार भुट्टो, दिनेश यादव, परसराम मानवटकर, मनोज गावंडे, युवक कांग्रेस के धीरज पांडे, घनश्याम मांगे, पूर्व नगरसेविका कांता पराते, पूर्व नगरसेवक विजय बाभरे आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

Created On :   20 Sept 2018 1:14 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story