- Home
- /
- नागपुर जिले में 11 पुलिस कर्मियों...
नागपुर जिले में 11 पुलिस कर्मियों की आनड्यूटी मौत, 567 संक्रमित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोरोना संकट की मार जिला ग्रामीण पुलिस विभाग को भी सहनी पड़ी है। एक साल में 11 पुलिस कर्मचारियों की ऑनड्यूटी मौत हुई है। इनमें कोविड संक्रमित भी शामिल हैं। इसके अलावा 567 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हुए। संक्रमितों के अवकाश पर रहने से ग्रामीण पुलिस विभाग को कामकाज का अतिरिक्त भार वहन करना पड़ा है। सूचना का अधिकार के तहत सामाजिक कार्यकर्ता अभय कोलारकर को ग्रामीण पुलिस विभाग ने यह जानकारी दी है। 1 जनवरी 2020 से 1 अप्रैल 2021 तक की कोविड प्रभाव की स्थिति की जानकारी ली गई है।
दुष्कर्म के शर्मसार करते आंकड़े
इस अवधि में दुष्कर्म जैसे सामाजिक अपराधों के आंकड़े भी कम नहीं हुए हैं। साल भर रही लॉकडाउन जैसी स्थिति में भी महिलाओं की आबरू पर हाथ पहुंचते रहे। 122 दुष्कर्म के अपराध दर्ज किए गए। इनमें 120 प्रकरणों में आरोपी पकड़े भी गए। महिलाओं से छेड़छाड़, अशोभनीय व्यवहार, सरेराह छींटाकशी, अश्लील इशारेबाजी जैसे मामलों में विनयभंग अपराध के तहत 291 प्रकरण दर्ज किए गए। लूटपाट के 26 प्रकरणों में 18 ही उजागर हो पाए। धोखाधड़ी के 126 प्रकरण दर्ज हुए, जिसमें 77 उजागर हुए। चोरी के 1344 प्रकरणों में से 538 प्रकरण का सुराग ही पुलिस को लग पाया। आत्महत्या के 19 प्रकरण दर्ज किए गए, इनमें किसान आत्महत्या के प्रकरण भी शामिल हैं। बीते वर्षों की तरह हत्या जैसे जघन्य अपराध भी कम नहीं हुए। एक साल में 65 हत्या के प्रकरण दर्ज किए गए।
Created On :   3 Jun 2021 4:11 PM IST