- Home
- /
- नागपुर: शहर में तगड़ा बंदोबस्त के...
नागपुर: शहर में तगड़ा बंदोबस्त के बीच हत्या की दो वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में हत्या की दो वारदातें हुईं। कोतवाली क्षेत्र में गांधी गेट के पास एक अपराधी को चाकू घोंपकर और एमआईडीसी के सप्तक नगर में सिपाही की मां को गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतकों के नाम शहनवाज उर्फ शानू नासिर खान (19), गाड़ीखाना, गणेशपेठ और विजयाबाई पांडुरंग तिवलकर (65), सप्तक नगर, एमआईडीसी निवासी हैै। कोतवाली पुलिस ने सानू की हत्या के आरोप में आरोपी सौरभ घाटे और अरशद शेख को गिरफ्तार किया है। विजयाबाई की हत्या के आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। शहर में पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त होने के बाद भी हत्या की दो वारदात होना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं है।
गांधी गेट के पास किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 10.15 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में गांधी गेट के पास पुरानी दुश्मनी के चलते एक गिरोह ने अपराधी शानूू उर्फ शहनवाज नासिर खान के गले में घातक शस्त्र घोंपकर हत्या कर दी। शानू को करीब एक माह पहले तड़ीपार किया गया था। बावजूद वह शहर में कैसे घूम रहा था, पुलिस के सामने बड़ा सवाल है।
कोतवाली में हमला, गणेशपेठ में तोड़ा दम
सूत्रों के अनुसार शानू हमला होने के बाद गला दबाकर गणेशपेठ इलाके तक पहुंच गया। खून से लथपथ शानू के कुछ दोस्त उसे बचाने पहुंचे, लेकिन वह दम तोड़ चुका था। घटनास्थल पर पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे थे।
आरोपी के भाई पर किया था दो बार हमला
शानू ने वर्ष 2019 में अपने मित्र सोन्या पवार के साथ मिलकर सौरव घाटे के भाई प्रवीण घाटे पर जानलेवा हमला किया था। पश्चात वर्ष 2020 में पारडी में प्रवीण पर दोबारा हमला किया था। उस समय भी प्रवीण बच निकला था। तब से घाटे बंधुओं की शानू के साथ दुश्मनी चल रही थी। शुक्रवार को आरोपी सौरभ और अरशद, प्रवीण घाटे को भनक लगी कि, शानू अपने घर आने वाला है। उन्होंने गांधी गेट के पास घात लगाकर शानू के गले में चाकू घोंप दिया।
स्कूटी से घर जा रहा था
शुक्रवार को शानू अपनी स्कूटी से घर जा रहा था। इस दौरान बाइक पर आए आरोपी सौरभ घाटे और अरशद शेख, खरबी निवासी ने शानू की गर्दन में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसर घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी के अनुसार हत्या के आरोप में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्राें से पता चला है कि घटनास्थल के आस-पास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। जिससे यह मामला पुलिस के लिए और चुनौती भरा हो गया है।
सेवानिवृत्त महिला की निर्ममतापूर्वक हत्या
सूत्रों के अनुसार हिंगना के सप्तक नगर में रहने वाली विजयाबाई पांडुरंग तिवलकर( 65) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। विजयाबाई राज्य आरक्षी पुलिस बल विभाग में रसोइया थी। वह वर्ष 2017 में सेवानिवृत्त होने के बाद सप्तक नगर में एक मकान में अकेली रहती थी। उनका बेटा अमोल भी राज्य आरक्षी पुलिस बल में सिपाही है। अमोल पत्नी के साथ एसआरपीएफ कॉलोनी के क्वार्टर में रहता है। गुरुवार को विजयाबाई को पड़ोसियों ने काम-काज करते देखा था। शुक्रवार को सुबह वह नजर नहीं आई।
बेडरूम में खून से लथपथ पड़ी थी
दोपहर करीब 1 बजे नौकरानी बर्तन मांजने आई, तब घटना का खुलासा हुआ। विजयाबाई बेडरूम में पलंग पर खून से लथपथ पड़ी थी। गले व सिर में गहरे घाव थे। नौकरानी ने विजयाबाई के दामाद व बेटे को घटना की जानकारी दी। घटना के बारे में एमआईडीसी के थानेदार युवराज हांडे को पता चलने पर वे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त विवेक मासाड भी पहुंचे। श्वान दस्ते को घटनास्थल पर बुलाया गया। विजयाबाई के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया। अपर पुलिस आयुक्त झलके भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
मृतका के बेटे-बेटियों से पूछताछ
मृतका के बेटे-बेटियों से भी पूछताछ की। हत्या किसने और क्यों की? इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। एमआईडीसी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
Created On :   15 May 2021 4:58 PM IST