- Home
- /
- नागपुर : खेत में करंट लगने से दो...
नागपुर : खेत में करंट लगने से दो महिलाओं की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बारह एकड़ में फैली मूंगफली की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के तार कंपाउंड में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। घटना जलालखेड़ा जिला परिषद सर्कल अंतर्गत ग्राम खलानगोंदी शिवार में हुई। मृत महिलाओं का नाम कलाबाई ज्ञानेश्वर कुमरे (48) तथा सुशीला सुरेशराव दहिवाड़े (49), दोनों खलानगोंदी निवासी हैं।
रात को प्रवाहित रहता था करंट
जंगली जानवरों के आतंक से खड़ी फसल को बचाने के लिए किसान रोजाना अपने खेत के तार कंपाउंड में रात को थ्री फेज बिजली का करंट छोड़ते हैं और सुबह लाइन कट कर देते हैं, लेकिन घटना वाले दिन नानाजी बेले सुबह स्वीच ऑफ करना भूल गया था।
मौके पर ही चल बसीं दोनों महिलाएं
रविवार को सुबह जब महिलाएं खेत में गईं, तब तार कंपाउंड में करंट प्रवाहित था। महिलाओं का तारों से स्पर्श होते ही करंट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस स्टेशन जलालखेड़ा को घटना की जानकारी दी। थानेदार हरीशचंद्र गावंडे ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा कर आगे की जांच के लिए जलालखेड़ा भेज दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने धारा 304, 505, 506, 135, 150 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी नानाजी बेले व चंद्रशेखर बेले को गिरफ्तार किया है। जांच जारी है।
Created On :   12 April 2021 12:49 PM IST