- Home
- /
- नियमों का उल्लंघन करने पर शिवाजी...
नियमों का उल्लंघन करने पर शिवाजी शिक्षण संस्था पर कार्रवाई, 10 लाख जुर्माना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यूनिवर्सिटी ने शिवाजी शिक्षण संस्था पर 10 लाख और संस्था के शिवाजी साइंस कॉलेज, नागपुर के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र बुरघाटे पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यूनिवर्सिटी में हुई मैनेजमेंट काउंसिल की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय कुलसचिव पूरणचंद्र मेश्राम के अनुसार मैनेजमेंट काउंसिल ने शिवाजी शिक्षण संस्था को नियमों के उल्लंघन का दोषी मानकर यह जुर्माना लगाया है।
सौंपा अतिरिक्त कार्यभार
शिवाजी शिक्षण संस्था द्वारा नागपुर में शिवाजी साइंस कॉलेज संचालित किया जाता है। डॉ. देवेंद्र बुरघाटे यहां प्राचार्य हैं। संस्था का ही एक और साइंस कॉलेज भंडारा जिले के पवनी में भी है। 2014 में यहां प्राचार्य का पद रिक्त हुआ। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार, प्राचार्य पद पर स्थाई नियुक्ति होने तक कॉलेज के ही किसी वरिष्ठ प्राध्यापक को कार्यकारी प्राचार्य बनाया जाता है। ऐसा करते वक्त बाकायदा विश्वविद्यालय से मान्यता लेनी होती है, लेकिन शिवाजी शिक्षण संस्था ने इन नियमों का पालन नहीं किया। संस्था ने 19 अगस्त 2014 को डॉ. बुरघाटे को पौनी के कॉलेज के प्राचार्य का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा और इसके लिए नागपुर यूनिवर्सिटी से किसी तरह की कोई अनुमति नहीं ली।
ऐसे हुआ मामला उजागर
डॉ. बुरघाटे ने भी इसकी सूचना नागपुर विश्वविद्यालय को नहीं दी और पवनी के कॉलेज के प्राचार्य का कार्यभार संभालने लगे। शिक्षक-कर्मचारियों के वेतन बिल पर भी हस्ताक्षर करने लगे। विधायक नागो गाणार ने इसकी शिकायत उच्च शिक्षा सहसंचालक से की, तो उनके कार्यालय ने पवनी के कॉलेज के शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोक दिया। इसके बाद शिवाजी शिक्षा संस्था ने पवनी के कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य के रूप में डॉ. बुरघाटे की नियुक्ति की मान्यता प्राप्त करने के लिए नागपुर विश्वविद्यालय को प्रस्ताव भेजा, तब विवि को प्रकरण की जानकारी हुई।
समिति गठित
नियमों का उल्लंघन होता देख विश्वविद्यालय ने मामले की पड़ताल के लिए डॉ. श्रीकांत कोमावार की अध्यक्षता में समिति गठित की। कुलसचिव मेश्राम के अनुसार समिति की रिपोर्ट के आधार पर संस्था से की गई पूछताछ में संस्था के जवाब से विवि असंतुष्ट रहा। ऐसे में सोमवार को मैनेजमेंट काउंसिल ने संस्था और प्राचार्य डॉ. बुरघाटे पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।
संस्था उचित निर्णय लेगी
इस पूरे प्रकरण में मेरी कोई भूमिका नहीं है। नागपुर विश्वविद्यालय ने जो निर्णय लिया है, उसका हमारी संस्था योग्य संज्ञान लेगी।
-डॉ. देवेंद्र बुरघाटे, प्राचार्य शिवाजी साइंस कॉलेज, नागपुर
Created On :   23 Jan 2018 11:09 AM IST