- Home
- /
- नागपुर : ढाई करोड़ के पुल का काम...
नागपुर : ढाई करोड़ के पुल का काम डेढ़ साल से अटका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले की मौदा तहसील के नवेगांव-कोराड मेंे ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का काम पिछले डेढ़ साल से बंद पड़ा है। मार्च 2017 में भूमिपूजन हुए इस पुल का काम अभी तक केवल 45 फीसदी ही हुआ है आैर ठेकेदार को 1 करोड़ 19 लाख का भुगतान किया गया है। लोककर्म विभाग ठेकेदार पर हर दिन 100 रुपए जुर्माना लगा रही है, जो बेहद कम है।
बारिश में होती थी ज्यादा दिक्कत
पूर्व पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस पुल को बनाने के लिए बजट में ढाई करोड़ का प्रावधान किया था। नवेगांव व कोराड के बीच से नाला बहता है, जो बारिश के दिनों में आेवरफ्लो हो जाता है। इस पुल की लंबाई 70 मीटर व चौड़ाई 7.5 मीटर प्रस्तावित है। इस पुल का काम मार्च 2017 में शुरू हुआ आैर 24 महीने में काम पूरा होना था। नाले पर 8 कॉलम खड़े किए गए हैं। 7 में से केवल 2 स्लैब डाले गए हैं। तीसरा स्लैब डालते ही गिर गया था। सेंट्रिंग की खराबी का कारण बताया गया था। डेढ़ साल से काम बंद पड़ा है। लोक कर्म विभाग हर दिन 100 रुपए जुर्माना लगा रहा है, जिसका कोई असर आदित्य कंस्ट्रक्शन पर नहीं हो रहा। उपविभागीय अभियंता ने अब जुर्माने की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव अपने विभाग को भेजा है।
इन गांवों को मिलेगी राहत
यह पुल बनने से नवेगांव व कोराड के अलावा धानला, आष्टी, लापका, पिपरी, खंडाला, चारबा समेत आसपास के गांवाें को बड़ी राहत मिलेगी। बारिश में नाला आेवरफ्लो होने पर लोगों को या तो घूमकर आना होता है या गांव में ही रुकना पड़ता है। फिलहाल इस नाले पर पुराना अस्थायी पुल है, जो बारिश में डूब जाता है।
जुर्माने की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है
तीसरा स्लैब गिरने के बाद से काम बंद है। पिछले साल से काम बंद है। कोरोना के कारण श्रमिक नहीं मिलने का कारण बताया जा रहा है। 100 रुपए प्रतिदिन जुर्माने की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। 45 फीसदी काम हुआ है। केवल 2 स्लैब हो चुके हैं। आदित्य कंस्ट्रक्शन को नोटिस दिए गए हैं। -एस. एस. खोब्रागडे, उपविभागीय अभियंता, लोककर्म विभाग, नागपुर
Created On :   2 Jun 2021 3:15 PM IST