नागपुर का रामझूला परिसर 11 हजार दीपकों से जगमगाएगा, अयोध्या की तरह मनेगा दीपोत्सव

Nagpurs Ramjhula complex will be lit with 11 thousand lamps, like Ayodhya, Deepotsav will be celebrated
नागपुर का रामझूला परिसर 11 हजार दीपकों से जगमगाएगा, अयोध्या की तरह मनेगा दीपोत्सव
रामनवमी नागपुर का रामझूला परिसर 11 हजार दीपकों से जगमगाएगा, अयोध्या की तरह मनेगा दीपोत्सव

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रामनवमी पर अयोध्या साकार करने वाली श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा इस वर्ष भी श्री पोद्दारेश्वर राम मंदिर से नहीं निकलेगी, लेकिन अयोध्या की तर्ज पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। 11 हजार दीप प्रज्वलित कर रामझूला को सजाया जाएगा। मंदिर में दर्शन एवं प्रसाद वितरण का सिलसिला सुबह 6 बजे से देर रात तक चलता रहेगा। दोपहर 12 बजे रामलला का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव की महाआरती होगी।  

श्री पोद्दारेश्वर राम मंदिर के प्रबंधक ट्रस्टी रामकृष्ण पोद्दार ने पत्र-परिषद में बताया कि शहर के श्रद्धालुओं एवं विभिन्‍न संस्थाओं के सहयोग से 53 वर्षों तक (सन 2019 तक) अखंड रूप से श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा निकलती रही, लेकिन 2020 तथा 2021 में कोरोना महामारी के कारण स्थगित रही। इस वर्ष भी समिति ने विचार-विमर्श के बाद शोभायात्रा स्थगित रखने का निश्चय किया। नव संवत्सर वर्ष निमित्त 2 अप्रैल से प्रतिदिन शाम 7 से रात बजे तक भजन संध्या में नगर के प्रसिद्ध गायकों द्वारा संगीतमय भजन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। शुक्रवार को खुशी पांडे तथा रोहित मिश्र ने भजनों की प्रस्तुति दी। शनिवार, 9 अप्रैल को सुरश्री डॉ. गोपाल अग्रवाल, स्मिता गणुवाला तथा कमलेश पांडे की भजन संध्या होगी।

जन्मोत्सव की महाआरती 
श्री रामनवमी पर 10 अप्रैल को प्रातः 4 बजे उत्थापन, मंगला आरती के बाद वैदिक मंत्रों से भगवान का अभिषेक और 6 बजे श्रृंगार आरती होगी। नवरात्र में नगर में विभिन क्षेत्रों में निकल रही प्रभातफेरी दल मंदिर में पधारेंगे। 9 से 10 बजे तक श्री रामकृष्ण मठ संकीर्तन मंडल द्वारा श्री रामनाम संकीर्तनम् होगा। 10 से दोपहर 12 बजे तक गायकों के साथ सामूहिक रूप से ‘हरे राम ... हरे कृष्ण’ महामंत्र का संकीर्तन होगा। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव की महाआरती होगी। बजरिया महिला समाज की बहनें बधाई-गीतों का गायन करेंगी तथा पंजीरी -प्रसाद का वितरण होगा। इस वर्ष श्री ठाकुरजी की नई पोशाक कमलकिशोर लाहोटी परिवार द्वारा दी गई है। मंदिर भवन की बाहरी विद्युत सजावट अशोक रामस्वरूप गोयल के सौजन्य से होगी।

 मंदिर सभा मंडप की सुगंधित पुष्पों की सजावट सेवा हर्ष अग्रवाल की ओर से होगी। अशोककुमार करवा परिवार की ओर से नए मुकुटों से श्रृंगार होगा। रामझूला पर दीपकों से सजावट में सेवा में सहभागी होने के इच्छुक श्रद्धालु और संस्थाएं शाम 5 से रात 9 बजे के बीच मंदिर में पुनीत पोद्दार से संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों द्वारा भक्तजनों से श्री रामनवमी के दिन प्रातः अपने निवास पर केसरिया ध्वज फहराने तथा शाम को अपने द्वार पर दीपक-सजावट करने का अनुरोध किया गया है। पत्र-परिषद में मंदिर के ट्रस्टी सुरेश अग्रवाल, पुनीत पोद्दार, जयंत हरकरे, किशोर पाटील, महेंद्र कटारिया, अजीत सारडा, अशोक गोयल, अशोक गौर, पुरुषोत्तम ठाकरे आदि उपस्थित थे।  

मंदिर का शताब्दी महोत्सव
संयोगवश आगामी वर्ष 4 मार्च 2023 को मंदिर की स्थापना को 100 वर्ष हो रहे हैं। श्री पोद्दारेश्वर राम मंदिर, श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति ने शताब्दी वर्ष की श्रीरामनवमी की शोभायात्रा को पूरी शक्ति एवं उत्साह से आयोजित कर एक यादगार बनाने का भी अनुरोध किया है। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में धार्मिक उत्सव, विद्वानों के प्रवचन, महायज्ञ आदि के साथ समाजोपयोगी सेवा उपक्रमों यथा रोग निदान चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, विद्यार्थियों एवं महिलाओं के जीवन में उपयोगी मार्गदर्शन, कॅरियर गाइडेंस आदि के आयोजन विचाराधीन हैं। इस संबंध में सहयोगीजनों की सभा रामनवमी के बाद आमंत्रित कर उनके सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त किए जाएंगे।


 

Created On :   9 April 2022 8:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story