- Home
- /
- हवा की दिशा बदलने से बढ़ा नागपुर का...
हवा की दिशा बदलने से बढ़ा नागपुर का तापमान

डिजिटल डेस्क,नागपुर। हवा की दिशा बदलने के 24 घंटे में ही दिन व रात के तापमान में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम 1.6 डिग्री आैर न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से शहरवासियों को ठंड से हल्की राहत मिल गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान आैर 2 डिग्री तक बढ़ सकता है।
आसमान में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी हवा के आने से तापमान बढ़ा है। आसमान में बादल छाए रहने से हवा की गति भी कम हुई है। शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से दिन में ठंड का एहसास नहीं हुआ। गुरुवार को दिन में जो लोग गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकले थे, वे शुक्रवार दोपहर में गर्म कपड़े रख दिए। रात को ठंड से हल्की राहत मिली। शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में आैर इजाफा हो सकता है। विदर्भ में वाशिम सबसे ठंडा रहा। वाशिम का न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को शहरवासियों को दिन व रात में ठंड से राहत रहेगी।
इस तरह रहा तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
12 नवंबर 31.2 16.3
11 नवंबर 29.6 14.5
10 नवंबर 30.4 13.2
9 नवंबर 30.6 14.4
8 नवंबर 31.5 14.1
7 नवंबर 31.2 15.5
6 नवंबर 31.4 17.7
Created On :   13 Nov 2021 4:36 PM IST