नाना पटोले को मिल सकती है महाराष्ट्र कांग्रेस की कमान

Nana Patole can get the command of Maharashtra Congress
नाना पटोले को मिल सकती है महाराष्ट्र कांग्रेस की कमान
नाना पटोले को मिल सकती है महाराष्ट्र कांग्रेस की कमान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस की महाराष्ट्र प्रदेश इकाई में फेरबदल की चर्चा जोर पकड़ने लगी है। सूत्रों के अनुसार पार्टी आलाकमान प्रदेश इकाई की कमान नए और आक्रामक चेहरे को सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इस दौड़ में वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले का नाम सबसे आगे चल रहा है। पूर्व सांसद राजीव सातव का नाम भी चर्चा में है। 

पटोले ने  कहा, ‘अगर पार्टी आलाकमान यह जिम्मेदारी सौंपता है तो मेरे लिए खुशी की बात होगी।’ फिलहाल प्रदेश कांग्रेस की कमान बालासाहेब थोरात के हाथ में है। वे राज्य सरकार में राजस्व मंत्री का पद भी संभाल रहे हैं  इसलिए उनको हटाकर नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है। जानकारी के अनुसार अगले महीने प्रदेश संगठन में फेरबदल किए जाने की संभावना है और इसी के तहत प्रदेश अध्यक्ष की भी नियुक्ति की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, शायद इसीलिए पटोले पिछले दो दिन से दिल्ली में डटे हुए हैं और पार्टी के आला नेताओं से मिले हैं। हालांकि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई है।

पृथ्वीराज चव्हाण को मिल सकती है विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान महाराष्ट्र में सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के नेता को कमान सौंपकर नए सिरे से संगठन को मजबूत करना चाह रहा है। यही वजह है कि इस पद के लिए पटोले के नाम पर गंभीरता से विचार चल रहा है। पटोले के स्थान पर वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात भी कही जा रही है।

Created On :   29 May 2020 1:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story