ऑक्सीजीन के लिए आत्मनिर्भर नहीं हुई है नंदुरबार

Nandurbar has not become self-sufficient for oxygen
ऑक्सीजीन के लिए आत्मनिर्भर नहीं हुई है नंदुरबार
ऑक्सीजीन के लिए आत्मनिर्भर नहीं हुई है नंदुरबार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता व नंदुरबार की सांसद हिना गावित ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिख कर आरोप लगाया है कि नंदुरबार के जिलाधिकारी डा राजेंद्र भारुड ऑक्सीजन तैयार करने को लेकर गलत जानकारी प्रसारित कर रहे हैं। गावित ने कहा कि दरअसल जिलाधिकारी लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं।  मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में हिना गावित ने कहा है कि नंदुरबार के जिलाधिकारी ने पत्रकारों को बताया है कि कोरोना की दूसरी लहर आने की आशंका के मद्देनजर उन्होंने नंदुरबार में ऑक्सीजन तैयार करने की परियोजना शुरु कर दी थी। लेकिन वास्तविक स्थति अलग है। कोरोना की पहली लहर के वक्त सितंबर 2020 में जिला नियोजन निधि से ऑक्सीजन निर्माण परियोजना शुरु करने को मंजूरी दी गई थी। यह परियोजना नवंबर 2020 में शुरु हुई।

 कोरोना की दूसरी लहर आने पर जिला चिकित्सा अधिकारी डा भोय ने फिर से ऑक्सीजन निर्माण परियोजना शुरु करने की मांग की थी इसके बाद 3 मार्च 2021 को जिला आपदा निवारण निधि से दूसरा ऑक्सीजन प्लांट शुरु करने के लिए मंजूरी दी गई। यह प्रोजेक्ट 4 अप्रैल को शुरु हो सका। शहादा के ऑक्सीजन परियोजान के लिए 26 मार्च को मंजूरी दी गई। यह परियोजना 20 अप्रैल को शुरु हुई। इसके बाद 16 अप्रैल को जिला आपदा निवारण निधि से लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट शुरु करने के लिए मंजूरी दी गई। यह प्लांट शुरु होने में अभी करीब एक माह लगेगा। फिलहाल नंदुरबार जिले को धुले जिला से हर रोज 2 मैट्रीक टन ऑक्सीजन मंगाना पड़ रहा है। नवापुर के लिए प्रतिदिन गुजरात से 70 से 80 सिलेंडर मंगाने पड़ रहे हैं। लेकिन नंदुरबार के जिलाधिकारी ऐसा प्रचार कर रहे हैं कि नंदुरबार जिला ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो गया है। गावित ने कहा कि जब मैंने पत्रकार परिषद बुला कर जिलाधिकारी के दावे को गलत बताया तो उन्होंने कहा कि मैंने कब कहा कि ऑक्सीजन के मामले में नंदुरबार आत्मनिर्भर हो गया है। 
      
 
 

Created On :   8 May 2021 12:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story