- Home
- /
- नौसैनिक सूरज दुबे ने कर्ज के चलते...
नौसैनिक सूरज दुबे ने कर्ज के चलते की थी आत्महत्या

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नौसैनिक सूरज दुबे की हत्या नहीं हुई थी बल्कि कर्ज से परेशान होकर उन्होंने खुद आत्महत्या की थी। मामले की छानबीन के बाद पालघर पुलिस ने यह खुलासा किया है। चेन्नई हवाई अड्डे के बाहर और पालघर-गुजरात सीमा के पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी की जांच में यह खुलासा हुआ कि दुबे अकेले घूम फिर रहे थे। पुलिस के हाथ उस पेट्रोल पंप की तस्वीरें भी लगी जहां से दुबे ने डीजल खरीदा था। जंगल में जाकर यही डीजल उन्होंने खुद पर छिड़ककर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दुबे ने दोस्तों रिश्तेदारों से लाखों रुपए कर्ज लेकर शेयर बाजार में लगा दिया था और पैसे डूब गए थे। लोग पैसे वापस मांग रहे थे इससे परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या का रास्ता चुना। दुबे को बुरी तरह जली हालत में पालघर के जंगली इलाके में देखा गया था।
मौत से पहले उन्होंने पुलिस को बताया था कि कुछ लोगों ने फिरौती के लिए उन्हें अगवा कर लिया था। दुबे ने परिवार वालों को भी फोन कर इसी तरह का जानकारी दी थी कि 30 जनवरी को उन्हें चेन्नई हवाई अड्डे के बाहर से कुछ लोगों ने अगवा कर लिया है और 10 लाख रुपयों की मांग कर रहे हैं। बुरी तरह जली अवस्था में दुबे ने पुलिस को बताया था कि पैसे न देने पर उन्हें जंगल में ले जाकर तेल छिड़ककर जला दिया गया। पालघर के पुलिस अधीक्षक दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि चेन्नई हवाई अड्डे के बाहर लगे सीसीटीवी की जांच में साफ हुआ कि दुबे वहां अकेले घूम फिर रहे थे। वे अकेले बैंगलोर जाने वाली बस में बैठे और वहां जाकर एक होटल में रुके। 1 फरवरी को चचेरे भाई से बातचीत के बाद शाम सात बजे वे होटल से निकल गए। आगे की जांच में पुलिस को तलासरी में स्थित एक पेट्रोल पंप की तस्वीरें मिली, जहां से सूरज ने एक बोतल में 300 रुपए का डीजल खरीदा और उसे लेकर जंगल में चले गए। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दुबे ने 17 लाख रुपए कर्ज ले लिया था और उन्होंने 13 बैंकों में कर्ज के लिए आवेदन दिया था। दुबे ने परिवार को कर्ज और शेयर बाजार में पैसे लगाने की जानकारी नहीं दी थी। मामले की छानबीन के लिए 100 पुलिसवालों की 10 टीमें बनाई गई थी।
Created On :   24 Feb 2021 7:51 PM IST