- Home
- /
- डांटने पर भतीजे ने चाचा को मौत के...
डांटने पर भतीजे ने चाचा को मौत के घाट उतारा
दैनिक भास्कर न्यूज डेस्क, अमरावती। जिले की वरुड़ तहसील के ग्राम वाठोड़ा में बुधवार रात नींद में सो रहे चाचा की उसके भतीजे ने चाकू मारकर हत्या कर दी। संग्रामसिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक का नाम संग्रामसिंह अंधरेले बताया जाता है, जबकि आरोपी का नाम करणसिंह अत्तससिंह अंधरेले है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी करणसिंह की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार करणसिंह अत्तरसिंह अंधरेले (30) पिछले कुछ समय से बेरोजगार घूम रहा था। इस पर उसके चाचा संग्रामसिंह अंधरेले (35,) ने कई बार कामधंधा करने के लिए उसे टोका भी था। चाचा संग्रामसिंह ने एक दो बार अपने भतीजे को आवारा की तरह घूमने पर दो-चार चांटे भी लगाए थे, जिसके बाद करणसिंह गुस्से में आकर बुधवार रात 10 बजे घर में सो रहे चाचा संग्रामसिंह पर चाकू से वार कर दिए। आवाज सुनकर संग्रामसिंह का भाई गुरुमानसिंह मायासिंह अंधरेले सहित परिवार के अन्य सदस्य जाग गए तो आरोपी करणसिंह फरार हो गया।
Created On :   30 Jun 2017 12:17 PM GMT