- Home
- /
- राज्य में नई औद्योगिक नीति बहुत...
राज्य में नई औद्योगिक नीति बहुत जल्द, विदर्भ को होंगे अनेक फायदे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र सरकार जल्द ही नई अौद्योगिक नीति लागू करने वाली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अच्छी अौद्योगिक नीति से निवेश लाया जा सकता है। हमने भी बदलाव कर नई अौद्योगिक नीति बनाई है। इसमें विदर्भ और मराठवाड़ा को बहुत ज्यादा इंसेंटिव दिए गए हैं। यह पॉलिसी विदर्भ के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। यहां के उद्योगों को आगे लाने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे। इस नीति को जल्द ही लागू किया जाएगा।
इन्हें सम्मानित किया गया
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 55वें स्थापना दिवस पर वीआईए द्वारा आयोजित सोलर उद्योग विदर्भ गौरव अवार्ड कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में विविध कैटेगिरी में विदर्भ के 8 उद्योगों को सम्मानित किया गया। दिनशा डेयरी फूड प्रा. लि. के जिमी राजा और अस्पी बापूना को लाइफटाइम अचिवमेंट पुरस्कार प्रदान किया। फडणवीस ने कहा कि इस तरह के पुरस्कारों से उद्योग क्षेत्रों में अच्छा काम करनेवालों की पहचान होती है। अन्य को भी अच्छा काम करने की प्रेरणा मिलती है। पिछले 55 साल से वीआईए विदर्भ के उद्योगों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहा है।
इंडस्ट्रियल बिजनेस कॉरिडोर होगा ‘समृद्धि’
समृद्धि कॉरिडोर के निर्माण से विदर्भ को फायदा मिलेगा। पोर्ट से इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तैयार हुआ है। यह केवल रोड नहीं होगा, बल्कि पूरी तरह से इंडस्ट्रियल बिजनेस कॉरिडोर होगा। हमारे पास अवसर बहुत है, बस आवश्यकता है व्यवस्था खड़ी करने की। यह काम हम शुरू कर रहे हैं। एक्सप्रेस-वे के लिए 700 मीटर के लैंड एक्वेटेशन का काम केवल 7 माह में पूरा हुआ। उन्होंने दावा किया कि समृद्धि एक्सप्रेस-वे का काम बहुत कम समय में पूरा होगा। इससे पूर्व वीअाईए के अध्यक्ष अतुल पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया और नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी में सभी क्षेत्रों को शामिल करने की मांग की। मंच पर सोलार इंडस्ट्रीज के चेयरमैन सत्यनायण नुवाल, वीअाईए के अध्यक्ष अतुल पांडे, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कॉन्फीडेंस पेट्रोलियम के नितीन खारा, वीआईए के सचिव सुहास बुद्धे और चीफ ज्यूरी जस्टिस सिरपुरकर उपस्थित थे।
Created On :   16 Sept 2018 4:48 PM IST