नागपुर में मिला कोरोना का नया वेरिएंट एवाई-4

New variant of Corona found in Nagpur AY-4
नागपुर में मिला कोरोना का नया वेरिएंट एवाई-4
मनपा की निगरानी नागपुर में मिला कोरोना का नया वेरिएंट एवाई-4

डिजिटल डेस्क,नागपुर। नागपुर जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम हो रही है। नए मरीजों पर मनपा कड़ी निगरानी कर रही है। मनपा नए वेरिएंट के संदेह में मरीजों के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग भी लगातार करवा रही है। हाल ही में नागपुर में पुणे से आई एक रिपोर्ट में नया वेरिएंट एवाई-4 मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआत में इसे डेल्टा प्लस वेरिएंट समझा जा रहा था, लेकिन यह डेल्टा वेरिएंट का म्यूटेशन है, जो कि डेल्टा प्लस जितना घातक नहीं है।

डेल्टा वेरिएंट के परिवार का  
कोरोना से हो रहे म्यूटेशन और वेरिएंट को तीन अलग श्रेणी में रखा गया है। इसमें पहला वेरिएंट अॉफ इंटरेस्ट, दूसरा वेरिएंट ऑफ कंसर्न और तीसरा वेरिएंट ऑफ हाई कॉन्सिक्वेंसेस है। नागपुर में मिला एवाई-4 वेरिएंट ऑफ कंसर्न है। यह डेल्टा वेरिएंट के सब-लाइनेजेस है, यानी यह डेल्टा वेरिएंट से म्यूटेट हुआ है। डेल्टा वेरिएंट के 13 म्यूटेशन हुए हैं, जबकि बाहर इसके 20 से भी अधिक म्यूटेशन हो चुके हैं। एवाई-4 का जेनिटिक नाम B.1.617.2.4 है। यह वेरिएंट कर्नाटक में मिला है। वहां पर इससे संक्रमित होने वाले मरीज तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं।

अनिवार्य किया क्वारेंटाइन
इजराइल, ऑस्ट्रिया, आयरलैंड, यूनाइटेड किंगडम, पोलैंड, स्लोवेकिया, इटली, जर्मनी, स्पेन जैसे कई देशों में ए-वाई-4 वेरिएंट मिला है। यह यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेटस, इजराइल और भारत में तेजी से बढ़ रहा है। भारत में विशेषकर कर्नाटक में इससे संक्रमित होने वाले मरीज तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं। नागपुर में भी यह वेरिएंट मिला है। इसके बाद ही मनपा आयुक्त ने सभी नए संक्रमितों को होम क्वारेंटाइन की जगह संस्थागत क्वारेंटाइन करने का निर्देश जारी किया। अब सभी मरीजों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं।

नहीं है ज्यादा घातक : नए वेरिएंट मिलने के बाद भी राहत की बात यह है कि अब तक इसमें कोई गंभीर लक्षण सामने नहीं आए हैं। यह डेल्टा प्लस वेरिएंट की तरह घातक नहीं है, न ही अब तक इस तरह के कोई केस सामने आए हैं। सामान्य कोरोना के तरह ही इसके लक्षण हैं।

सभी मरीज स्वस्थ हो चुके 
नागपुर जिले से जुलाई माह में कुछ नमूने जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट करीब 24 अगस्त को आई थी। इसमें नागपुर में 5 मरीजों में एवाई-4 वेरिएंट मिला था। इनमें से धंतोली जोन के अपार्टमेंट से 2 मरीज, मंगलवारी व हनुमान नगर जोन से 1-1 और एक चंद्रपुर जिले का था। चंद्रपुर जिले के मरीज का सैंपल नागपुर रेलवे स्टेशन पर लिया गया था। इनमें से एक मरीज को किसी तरह के कोई लक्षण भी नहीं थे, जबकि एक मरीज ने वैक्सीन के दोनों डोज और एक ने एक डोज ले रखा था। सभी मरीज रिकवर हो चुके हैं।

सभी मरीजों की हो रही जीनोम सिक्वेंसिंग
जुलाई माह में जो सैंपल भेजे गए थे, उनकी रिपोर्ट में नए वेरिएंट की जानकारी मिली है। यह डेल्टा प्लस नहीं, बल्कि एवाई-4 है, जो कि वेरिएंट ऑफ कंसर्न है। फिलहाल सभी नए संक्रमित मरीजों की जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जा रही है। -डॉ. संजय चिलकर, मनपा स्वास्थ्य अधिकारी

Created On :   4 Sep 2021 9:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story