- Home
- /
- प्रदेश में लागू हो सकता है नाइट...
प्रदेश में लागू हो सकता है नाइट कर्फ्यू , स्वास्थ्य मंत्री ने दिए संकेत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना के मरीजों की हर दिन बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश में अब नाइट कर्फ्यू लागू किया जा सकता है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसके संकेत दिए हैं। शुक्रवार को टोपे ने कहा कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए पाबंदियों को बढ़ाया जाएगा। रात के समय में आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर बिना काम के घुमने पर रोक लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की सहमति से गैर जरूरी गतिविधियों के लिए पाबंदियों लागू करने के बारे में अंतिम फैसला लिया जाएगा। टोपे ने कहा कि मुंबई में अब 20 हजार से अधिक मरीज मिलने लगे हैं। इसके मद्देनजर मुंबई में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक गैर जरूरी गतिविधियों पर रोक लगाने का विचार है।
देर रात तक होटलों को शुरू रखने और भीड़ जुटने से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाई जाएगी। इस बारे में मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल महानगर में सख्त पाबंदियां लागू करने का फैसला ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में उपनगरीय लोकल ट्रेनों को बंद नहीं किया जाएगा। टोपे ने कहा कि विवाह समारोह, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में अधिकतम 50 लोगों के जुटने की अनुमति है। लेकिन इस आदेश को अब प्रभावी रूप से लागू करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है।
Created On :   7 Jan 2022 6:45 PM IST