- Home
- /
- मन की बात गड़करी खुलकर बताएं- आशीष...
मन की बात गड़करी खुलकर बताएं- आशीष देशमुख
डिजिटल डेस्क, नागपुर। केन्द्रीय मंत्री नितीन गड़करी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की तारीफ कर सुर्खियों में गए हैं। पूर्व विधायक आशीष देशमुख ने इंदिरा गांधी व जवाहरलाल नेहरू को लेकर भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के ताजा वक्तव्यों काे लेकर सवाल दागा है। उन्होंने कहा है कि आरएसएस व भाजपा गांधी व नेहरू को लेकर विरोधी भूमिका में रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपाध्यक्ष अमित शाह तो इन राजनेताओं के विरोध में अपमानजनक वक्तव्य तक देते रहे हैं। ऐसे में गडकरी के वक्तव्य स्वयं सवाल खड़े कर रहे हैं। गडकरी ने दो दिन पहले ही एक प्रोग्राम में इंदिरा गांधी की स्तुति की है। सप्ताह भर पहले उन्हाेंने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू के लेख पढ़ना व भाषण सुनना उन्हें काफी पसंद है। श्री गडकरी को साफ करना चाहिए कि उनके मन में क्या चल रहा है।
कहीं राजनीतिक भय तो नहीं
विविध बयानों का जिक्र करते हुए देशमुख ने कहा कि गडकरी किसी राजनीतिक भय को महसूस, तो नहीं कर रहे हैं। पत्रकार क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में वे बोल रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से भाजपा व आरएसएस के बीच जो खिचड़ी पकती दिख रही है, उसका भी खुलासा होना चाहिए। 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद गडकरी ने कहा कि पराजय की जिम्मेदारी नेतृत्व को लेना चाहिए। उससे पहले कहा कि रोजगार दिलाया नहीं जा सकता है।
वादे पूरे नहीं कर पाए
चुनाव जीतने का भरोसा नहीं था, इसलिए 2014 के चुनाव में भाजपा ने ऐसे वादे कर लिए, जो सत्ता में आने पर पूरा कर पाना संभव नहीं है। विजय माल्या से लेकर अन्य मामलों में भी उनका वक्तव्य अलग है। भाजपा के ही नेता संघप्रिय गौतम ने कहा है कि गडकरी को उपप्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए, लेकिन भाजपा में उन्हें महत्व नहीं मिल रहा है। चुनाव कार्य से संबंधी भाजपा की समिति में जो स्थान नारायण राणे को मिला है, वह गडकरी को भी नहीं मिल पाया है। लिहाजा तमाम स्थितियों का खुलासा होना चाहिए।
Created On :   8 Jan 2019 6:56 AM GMT