- Home
- /
- NMC ने संपत्ति कर 214 करोड़, जल कर...
NMC ने संपत्ति कर 214 करोड़, जल कर 135 करोड़ रुपए वसूला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। संपत्ति और जल कर मनपा के आय के मुख्य स्रोत हैं। चालू वित्तीय वर्ष में 15 फरवरी तक संपत्ति कर 214 करोड़ और जल कर 135 करोड़ रुपए वसूल हुआ है। गत वर्ष की तुलना में संपत्ति कर 17 करोड़ और जल कर 14 करोड़ अधिक वसूल हुआ है। बकाया कर वसूली के लिए मनपा ने अभय योजना लाकर एकमुश्त कर भरने पर विलंब शुल्क में भारी छूट दी। इस याेजना काे बकाएदारों का प्रतिसाद मिलने से कर वसूली में वृद्धि होने की जानकारी स्थायी समिति सभापति विजय झलके ने दी।
जल कर अभय योजना 22 तक
संपत्ति और जल कर बकाया वसूली के लिए मनपा ने अभय योजना चलाई। पहले चरण में संपत्ति टैक्स एकमुश्त भरने पर 15 दिसंबर से 20 जनवरी तक 80 प्रतिशत विलंब शुल्क में छूट दी गई। दूसरे चरण में 21 जनवरी से 14 फरवरी तक 50 प्रतिशत विलंब शुल्क में छूट दी गई। जल कर में 22 दिसंबर से 30 जनवरी तक विलंब शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी गई। 31 जनवरी से 22 फरवरी तक कर भरने पर 70 प्रतिशत विलंब शुल्क में छूट दी जाएगी। जलापूर्ति शुल्क में छूट के अंतिम 6 दिन बचे हैं।
Created On :   17 Feb 2021 3:30 PM IST