नीम के पौधे लगाने से बेहतर सामाजिक कार्य नहीं : प्रसाद

No better social work than planting neem saplings: Prasad
नीम के पौधे लगाने से बेहतर सामाजिक कार्य नहीं : प्रसाद
नीम के पौधे लगाने से बेहतर सामाजिक कार्य नहीं : प्रसाद

डिजिटल डेस्क,नागपुर।  नीम का पेड़ हर बीमारी का इलाज है। दैनिक भास्कर ने नीम का पौधारोपण किया। इससे बेहतर सामाजिक कार्य नहीं हो सकता। पर्यावरण में सुधार के साथ ही कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में नीम के पौधे लगाए जाने से आने वाले समय में वातावरण बहुत अच्छा रहेगा। यह बात आयकर विदर्भ अंचल के प्रधान आयुक्त राजेश रंजन प्रसाद ने कही। दैनिक भास्कर केे ‘पौधे अपने परिजन’ पौधारोपण अभियान के अंतर्गत बुधवार को सेमिनरी हिल स्थित कबीर आश्रम में राजेश रंजन प्रसाद, पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, सूचना व जनसंपर्क महासंचालनालय, नागपुर विभाग के संचालक हेमराज बागुल तथा रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश मेहर ने सेमिनरी हिल स्थित कबीर आश्रम में नीम के पौधे लगाए। 

नागपुर शहर दिल पर राज करता है
आयकर विदर्भ अंचल के प्रधान आयुक्त राजेश रंजन प्रसाद ने कहा कि नागपुर शहर लोगों के दिलों पर राज करता है। दिल में रहता है। जीरो माइल यहीं से शुरू होता है। पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि उन्होंने नागपुर शहर में ही प्रशिक्षण प्राप्त किया था। 30 साल में नागपुर में काफी बदलाव आया है।

पौधारोपण अभियान में पूरा सहयोग : पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे क्रिकेट सट्टे को उजागर कर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी थी। भास्कर के पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए पुलिस आयुक्त ने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग भी सरकार के वन विभाग सहित दूसरे विभागों के साथ मिलकर नागपुर शहर को और ग्रीन सिटी बनाने का प्रयास करेगा। महामहिम राज्यपाल के हाथों शुरू हुए ‘पौधे अपने परिजन’ उपक्रम का पुलिस विभाग को हिस्सा बनाए जाने के लिए आभार माना। 

देश के हृदयस्थल से पौधारोपण अभियान की शुरुआत
सूचना व जनसंपर्क महासंचालनालय, नागपुर विभाग के संचालक हेमराज बागुल ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा पर विचार करना जरूरी है। पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। भास्कर ने इस दिशा में पहल करते हुए देश के हृदयस्थल से पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है, जो सराहनीय है। अखबार में छपी हुई बात सच्ची समझी जाती है। लोगों का विश्वास होता है। इसके कारण पौधारोपण अभियान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं।  

पौधारोपण कर दी दिलीपकुमार को श्रद्धांजलि
दैनिक भास्कर के ‘पौधे अपने परिजन’ पौधारोपण अभियान के अंतर्गत बुधवार को कबीर आश्रम, सेमिनरी हिल में नीम का पौधा लगाकर प्रसिद्ध अभिनेता दिलीपकुमार को श्रद्धांजलि दी गई। दिलीपकुमार की स्मृति में कबीर आश्रम में लगाए गए नीम के पौधे का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा। संत कबीर देश में गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाने जाते हैं और महान अभिनेता दिलीपकुमार का व्यक्तित्व भी ऐसा ही था। गंगा-जमुनी तहजीब की इसी विशेषता के कारण दैनिक भास्कर ने कबीर आश्रम में पौधारोपण किया।

पवित्र दिन और शुभ मुहूर्त फलीभूत होगा
ज्योतिष के जानकार राजेश रंजन प्रसाद ने कहा कि दैनिक भास्कर ने बुधवार को प्रदोष व्रत के पवित्र दिन और शुभ मुहूर्त में कबीर आश्रम में पौधारोपण किया। आषाढ़ महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को व्रत प्रदोष रहता है। पौधारोपण के समय सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच गुरु की दृष्टि थी। अच्छे मुहूर्त में पौधारोपण की शुरुआत हुई, जिससे यह फलीभूत होगा। कबीर आश्रम और संबंधित संस्था तरक्की करेंगे। इससे नागपुर सहित देशभर के लोग लाभान्वित होंगे। आसपास बहुत अच्छा वातावरण होगा।

नीम के पौधों का पालकत्व
दैनिक भास्कर के ‘पौधे अपने परिजन’ अभियान के तहत सेमिनरी हिल स्थित कबीर आश्रम में लगाए गए नीम के पौधों का पालककत्व कबीर मंदिर आश्रम और रोटरी क्लब ने स्वीकार किया है। रोटरी के गर्वनर अरुण पाटील ने कहा कि कबीर आश्रम सदस्य स्वर्णजीतसिंह सपरा, श्यामलाल साहू, श्रीराम भगत, सुंदरलाल साहू और रोटरी क्लब के श्रीकांत पौनीकर नीम के पेड़ों का संरक्षण और संवर्धन करेंगे।  

इनका किया स्वागत
पौधारोपण कार्यक्रम में सहयोग करने के लिए नगरसेविका प्रगति पाटील, पर्यावरणविद् सीमा श्रीवास्तव, दैनिक भास्कर की सलाहकार समिति के सदस्य अनिल गडेकर तथा वरिष्ठ पत्रकार श्याम पांढरीपांडे का नीम का पौधा देकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम में कबीर आश्रम और रोटरी क्लब सेंट्रल नागपुर का सहयोग रहा। आश्रम के अध्यक्ष राधेश्याम भगत, रोटरी क्लब के अध्यक्ष सतीश बैस प्रमुखता से उपस्थित थे। संचालन आश्रम के सचिव नंदकिशोर भगत ने किया। भास्कर परिवार के सचिन कपूर ने आभार माना। अतिथियों का स्वागत रोटरी क्लब नागपुर सेंट्रल के संयुक्त सचिव श्रीकांत पौनीकर, घनश्याम भगत, संजय भोसले ने किया। 


 

Created On :   8 July 2021 3:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story