- Home
- /
- विकास मामले में कोई समझौता नहीं,...
विकास मामले में कोई समझौता नहीं, बाधाएं दूर करेंगे : फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर । क्षेत्रीय विकास को राज्य विकास का केंद्र ठहराते हुए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि विकास के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सारी बाधाएं दूर की जाएंगी। नागपुर में निवेश बढ़ाने से संबंधित योजनाओं को गति दी जाएगी। विमानतल से संबंधित सारी अड़चनें दूर कर ली जाएंगी। आदिवासी बहुल व पिछड़ा माने जाने वाले गड़चिरोली जिले में औद्योगिक विकास पर जोर दिया जाएगा। रविवार को फडणवीस ने पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा की।
सरकार ने बनाई है समन्वय समिति
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र विकास के लिए वैधानिक विकास मंडलों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। महामंडलों का पुनर्गठन भी जल्द होगा। महामंडलों की नियुक्तियों के संंबंध में सरकार ने समन्वय समिति बनाई है। समिति में चंद्रशेखर बावनकुले, सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटील, दादा भुसे सहित अन्य नेता, मंत्री शामिल हैं। नागपुर विमानतल विकास का मामला लगभग हल हो गया है। समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का लोकार्पण नवंबर में करने की तैयारी चल रही है।
उद्योगों का कुछ लोग स्वहित में विरोध कर रहे हैं
गड़चिरोली में लौह खनिज आधारित उद्योग को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। स्वहित के लिए कुछ लोग इन उद्योगों का िवरोध कर रहे हैं। गड़चिरोली में खनिज प्लांट शुरू करने की योजना है। इन प्रकल्पों में 35 हजार करोड़ का निवेश होगा। इससे 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। समृद्धि महामार्ग पर हाई स्पीड ट्रेन के अलावा कार्गो ट्रेन लाने का िवचार है। चंद्रपुर में रिफाइनरी से संबंधित प्रश्न पर फडणवीस ने कहा कि इस तरह के प्रकल्प सागर किनारे ही अनुकूल रहते हैं।
Created On :   25 Oct 2022 4:11 PM IST