- Home
- /
- आरटीआई में नहीं दी जानकारी, नहीं...
आरटीआई में नहीं दी जानकारी, नहीं बताया कैसे लौटा रहे पैसा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में आम लोग 10, 15 और 20 साल की पॉलिसी निकालते हैं। ऐसे में पॉलिसी पूरी होने के बाद कई सारे लोग दस्तावेज के अभाव में उसको क्लेम नहीं कर पाते हैं। वर्तमान में एलआईसी के पास हजारों करोड़ रुपए की राशि पड़ी है। विशेष बात यह है कि एलआईसी न तो यह बताने के लिए तैयार है कि उनके पास अनक्लेमड कितनी राशि बकाया है और न ही उस राशि को कैसे लौटा रहे है। वर्तमान में एलआईसी की 28.21 करोड़ पाॅलिसी है।
जानकारी के अनुसार एलआईसी के अनक्लेमड राशि के फंड में 13843 करोड़ रुपए बकाया है। विशेष बात यह है कि यह राशि तो सिर्फ 2019-20 वित्तीय वर्ष की क्लोजिंग बैलेंस की राशि है। हम यदि पिछले साल की बात करें तो 10509 करोड़ रुपए क्लोजिंग बैलेंस की राशि में बकाया थे। यह एक बहुत बड़ी राशि है जिसको उक्त पॉलिसीधारकों को वापस करने की मांग लगातार चल रही है।
वहीं, पॉलिसीधारकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह बनी हुई है कि उनके दस्तावेज खो जाने पर उनको 500 रुपए के स्टाम्प पर लिखकर देना पड़ता है ऐसे में उनको अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है जबकि यह राशि उनके सीधे खाते में जाना चाहिए। मामले को लेकर एलआईसी से सूचना के अधिकार के तहत 5 बिन्दुओं में जानकारी मांगी गई लेकिन आरटीआई में सिर्फ यह बताया गया कि उनकी 28.21 करोड़ पॉलिसी है, शेष 4 सवालों का जवाब नहीं दिया गया। यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत संजय थूल ने मांगी थी।
यह सवाल पूछे गए थे
- एलआईसी पाॅलिसीधारकों की कुल राशि और अनक्लेमड राशि कितनी है ?
- कुल अनक्लेमड राशि कितनी है जिसे पिछले पांच सालों में लौटाया गया है, वर्षवार तरीके से बताएं ?
- वर्तमान में एलआईसी में कितनी पॉलिसियां है ? सिर्फ इसका जबाव 28.21 करोड़ पॉलिसी बताया गया।
- पिछले पांच सालों में कितनी पॉलिसियां लेप्स हो गई हैं फीसदी में बताएं ?
- एलआईसी द्वारा पॉलिसीधारकों को अनक्लेमड पैसा लौटाने के लिए क्या प्रयास किए ?
Created On :   8 Feb 2020 7:23 PM IST