- Home
- /
- प्रसूति के बाद किसी महिला को नहीं...
प्रसूति के बाद किसी महिला को नहीं मिला सरकारी योजना का लाभ. दिए जाते हैं 5 हजार रुपए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। घरेलू महिला कामगारों के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाएं चलाईं हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिला कामगारों के स्वास्थ्य और अच्छी देखभाल के लिए कई सारी योजनाएं हैं। ऐसी ही एक योजना वर्ष 2012 में 28 सितंबर को लागू की गई है। इसका नाम है प्रसूति योजना। विडंबना यह है कि अभी तक यह योजना सिर्फ कागजों पर ही है, किसी को इसके अंतर्गत लाभ नहीं मिल पाया है। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए 5000 रुपए की वित्तीय राशि प्रदान करने की बात कहीं गई थी।
2014 के बाद रजिस्ट्रेशन नहीं हुए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2011-2014 के बाद से नए रजिस्ट्रेशन नहीं किए गए हैं। तब तक 12000 ही रजिस्ट्रेशन हुए हैं। आश्चर्य यह है कि जिनके रजिस्ट्रेशन हुए हैं, उन महिलाओं को प्रसूति योजना का लाभ नहीं मिला है। 2014 के बाद 2021 में बजट के समय महाराष्ट्र सरकार ने संतजना बाई घरेलू कामगार योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के लिए 250 करोड़ रुपए दिए गए। इसके लिए विदर्भ मोलकरीण संगठन से सरकार से मदद की गुहार लगाई। उसके बाद सरकार ने घरेलू महिला कामगारों को प्रतिमाह 1500 रुपए देना सुनिश्चित किया, लेकिन इसका लाभ केवल 700 से 800 घरेलू महिला कामगारों को ही मिल रहा है।
योजना का उद्देश्य यह है
इस योजना का उद्देश्य है कि गर्भवती महिलाएं गर्भधारण से प्रसव तक स्वास्थ्य की जांच हॉस्पिटल्स में जाकर आसानी से करवा सके और डॉक्टर से सही परामर्श लेकर सही पोषण और आहार ले सके। ताकि गर्भवस्था के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़ें। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में लगभग सवा लाख घरेलू कामगार हैं।
हम चाहते हैं कि सभी योजनाओं का लाभ मिले
प्रसूति योजना का लाभ अभी तक किसी को नहीं मिला है। महिला कामगारों के लिए कई योजनाएं हैं, लेकिन लाभ नहीं मिल रहा है। जनश्री बीमा योजना का लाभ भी महिला कामगारों को नहीं मिला है। झुग्गी झोपड़ी में महिला कामगारो का एक बड़ा वर्ग रहता है। हमारा प्रयास रहता है कि राज्य सरकार द्वारा जितनी भी योजनाएं हैं, उनका लाभ इनको दिया जाए। घरेलू महिला कामगारों को रजिस्टर्ड करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि कोई भी नई योजना आए, तो उनका लाभ मिल सकें। -विकास भोंगाडे, महामंत्री विदर्भ मोलकरीण संगठन
Created On :   30 July 2021 4:19 PM IST