- Home
- /
- अमरावती में भीषण गर्मी के कारण...
अमरावती में भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। मोर्शी तहसील में पिछले 8 दिन से तापमान बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लू का कहर ऐसे ही शुरू रहा तो मई माह किसानों के लिए अग्निपरीक्षा का माह रहेगा। भीषण गर्मी का जहां जनजीवन पर हो रहा है वहीं कृषि कार्य का नियोजन भी गड़बड़ाने से मोर्शी तहसील के किसानों के माथें पर चिंता की लकीरें दिखने लगी है। पिछले कुछ वर्षों में तहसील के संतरा उत्पादक किसानों को एक के बाद एक संकटों का सामना करना पड़ रहा है। बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि तथा प्राकृतिक आपदा के कारण किसान हताश हो रहे हैं। इस बार पोषक वातावरण रहने से संतरा उत्पादक किसानों को काफी उम्मीदें थी। परंतु पिछले कुछ दिनों से आग उगलने तथा मौसम का मिजाज बदलने से आंबिया बहार के फल झड़ने लगे हैं। इस कारण मोर्शी तहसील के किसान फिर एक बार संकट से घिर गए हैं।
मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और तीन से चार दिन तक रहने का अनुमान जताया है। इससे किसानों की चिंता और भी बढ़ गई है। कई वर्षों के बाद मार्च माह में भीषण गर्मी महसूस होने लगी। हर साल मई माह में तापमान अधिक बढ़ता है। परंतु इस बार अप्रैल माह में ही सूरज ने आंखे तरेरने से जनजीवन पर असर हुआ है। सुबह 10 बजे से ही शाम 5 बजे तक सड़क वीरान दिखाई देती है तथा बाजार में भी सन्नाटा दिखाई दे रहा है। भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा कृषि कार्य पर हो रहा है। महावितरण ने सप्ताह के चार दिन तक दिन में व चार दिन रात में बिजली आपूर्ति शुरू रखने से किसानों को फसलों को पानी देने के लिए खेतों में जाना पड़ता है। रात भर जागरण करके उन्हें सिंचाई करनी पड़ती है। इस कारण वे पूरी तरह नींद नहीं ले पाते। वहीं दिन में भीषण गर्मी के कारण हलाकान होना पड़ रहा है। इसका असर उनके स्वास्थ्य पर असर हो रहा है। अनेक स्थानों पर कृषिकार्य शुरू है। खेतों में जुताई की जा रही है। भीषण गर्मी के कारण काम के लिए मजदूर नहीं मिल रहे। इसलिए कृषि कार्य पर भी असर हो रहा है।
Created On :   6 May 2022 1:26 PM IST