- Home
- /
- उत्तर ब्रह्मपुरी और नागभीड़ क्षेत्र...
उत्तर ब्रह्मपुरी और नागभीड़ क्षेत्र हुए बाघ की दहशत से मुक्त

डिजिटल डेस्क, नागभीड़ (चंद्रपुर)। ब्रह्मपुरी वनविभाग के उत्तर ब्रह्मपुरी और नागभीड़ वन परिक्षेत्र के खेत परिसर में दहशत मचाने वाले पी -2 नर बाघ को वनविभाग की टीम ने ट्रैंकूलाइज कर पिंजरे में कैद कर लिया है, जिससे परिसर के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। ज्ञात हो कि परिसर में दहशत मचाने वाले बाघ को पिंजरे में कैद करने का आदेश मुख्य वन्यजीव रक्षक तथा मुख्य वनसंरक्षक (वन्यजीव) नागपुर ने 25 अक्टूबर को आदेश जारी कर बाघ को कैद करने के आदेश दिया था। इस आदेश के आधार पर 3 दिसंबर को नागभीड़ वनपरिक्षेत्र के मिंडाला उपक्षेत्र के म्हसली नियतक्षेत्र के कक्ष क्रं. 52 में ताड़ोबा अंधारी व्याघ्र प्रकल्प के पशुवैद्यकीय अधिकारी डा. रविकांत खोब्रागडे की उपस्थिति में सशस्त्र पुलिस दल के जवान अजय मराठे ने बाघ को डार्ट किया और उसके बेहोश होने के बाद दोपहर 2.38 बजे उसे सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया। यह कार्रवाई ब्रह्मपुरी के सहायक वनसंरक्षक (तेंदू) के.आर. धोंडणे, नागभीड़ वनक्षेत्रपाल एस.बी. हजारे, क्षेत्रीय अधिकारी, कर्मचारी तथा आरआरटी ताड़ोबा अंधारी व्याघ्र प्रकल्प चंद्रपुर के सदस्य बी.आर. दांडेकर, ए.एन. मोहुर्ले, एस.पी. नन्नावरे, ए.डी. तिखट, ए.डी. कोरपे, ए.एम. दांडेकर, फिल्ड आयोलाजिस्ट रोशन अहुजा की उपस्थिति में की है। पिंजरे में बंद पी 2 बाघ की आयु 2 से ढाई वर्ष की है उसे जांच के लिए ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर चंद्रपुर लाया गया है।
लगातार जारी थे बाघ के हमले
नागभीड़ तहसील में लगातार बाघ के हमले शुरू थे। बीते शनिवार को पाहर्णी निवासी एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया था जिसमें उसकी मौत हो गई थी। महिला पास के जंगल में घास काटने के लिए गई थी उस पर बाघ ने हमला कर दिया जिसमें उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद ढोरपा के पास टेकरी परिसर में बाघ ने महिला पर हमला कर मार दिया था। इसी सप्ताह ढोरपा निवासी महिला पर हमला किया था। इसके पूर्व पान्होडी निवासी चरवाहे को बाघ ने मार दिया था। इस वजह से ढोरपा, पाहर्णी, पान्होडी परिसर में इस बाघ की दहशत मची थी। शनिवार को वनविभाग ने उसे बेहोश कर पिंजरे में कैद कर लिया जिससे नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
Created On :   4 Dec 2022 4:52 PM IST