- Home
- /
- बेघरों के लिए आशियाना बना...
बेघरों के लिए आशियाना बना उत्तरभारतीय संघ भवन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विश्यव्यापी कोरोना के प्रकोप के खिलाफ शुरु जंग में विभिन्न सामाजिक संगठन भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। महानगर के उत्तरभारतीयों कि प्रतिनिधि संस्था ‘उत्तरभारतीय संघ’ भी सरकार के साथ लोगों की मदद के लिए आगे आया है। ‘उत्तर भारतीय संघ’के बांद्रा पूर्व स्थित भवन में न सिर्फ बेघरों को आसरा मिला है बल्कि पुलिसकर्मियों को भी यहां क्वांरटाइन किया गया है। पिछले दिनों संघ के अध्यक्ष व भाजपा विधायक आरएन सिंह ने राज्य सरकार और मनपा को पत्र लिख कर कहा था कि कोरोना की लड़ाई में प्रशासन संस्था की इमारत का जैसे चाहे इस्तेमाल कर सकता है। इसके बाद अब मुंबई मनपा ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर फंसे यात्रियों सहित अन्य बेघरों को यहां पर रखा है।
लगभग 200 लोगों के लिए नास्ते व भोजन का इंतजाम उत्तर भारतीय संघ की तरफ से किया जा रहा है। यहां ठहराएं गए लोगों में वे लोग भी शामिल हैं जो गांव जाने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर ट्रेन पकड़ने के लिए आए थें लेकिन ट्रेन बंद होने से टर्मिनस पर ही फंस गए थे। इसके अलावा कॉलेज की इमारत का उपयोग मनपा संदिग्ध कोरोना मरीजों को क्वांरटाइन के लिए कर रही है।संघ भवन में उत्तरभारतीय संघ की तरफ से कॉलेज भी चलाया जाता है। कालेज की अपनी बड़ी इमारत है। इस इमारत के दूसरे, तीसरे, और छठीं मंजिल का उपयोग क्वांरटाइन केलिए किया जा रहा है। जबकि संघ की दूसरी इमारत में बेघरों को रखा गया है।
उत्तर भारतीय संघ में उन लोगों को ठहराया गया है, जिनके पास इस शहर में अपना आशियाना नहीं है।यहां ठहरे लोगों के नास्ते-भोजन आदि की सुविधा उत्तरभारतीय संघ ही मुहैया करा रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही इस जंग में इस संस्था का कार्य सराहनीय है। हम इसके लिए उत्तर भारतीय संघ का आभार मानते हैं।
- बालासाहेब कोलेकर, उपजिलाधिकारी,मुंबई उपनगर
Created On :   7 April 2020 5:21 PM IST