Covid-19: दिल्ली में बिना मास्क के घूमना पड़ेगा महंगा, देना होगा 2000 रुपए का जुर्माना

Covid-19: दिल्ली में बिना मास्क के घूमना पड़ेगा महंगा, देना होगा 2000 रुपए का जुर्माना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरानावायरस अपना कहर राजधानी दिल्ली में जमकर बरपा रहा है। यहां ना सिर्फ संक्रमितों की संख्या बढ़ी है, बल्कि मौत के आकंड़ों में भी इजाफा हुआ है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने नई सख्ती की तैयारी है। जिसके तहत अब दिल्ली में बिना मास्क के घूमना काफी महंगा पड़ सकता है। दअरसल, दिल्ली सरकार ने मास्क न पहनने वालों पर जुर्माने की राशि 4 गुना बढ़ाने का फैसला किया है।

शादी में मिली छूट को वापस लेने के बाद अब मास्क ना पहने वालों को अब 2000 तक जुर्माना देना पड़ सकता है। बता दें कि अब तक मास्क न पहनने पर 500 रुपए का जुर्माना था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 2000 रुपए करने का सख्त निर्णय लिया गया है। 

आज से लागू हुआ निर्णय
दिल्ली सरकार के मुताबिक यह निर्णय गुरुवार से ही लागू कर दिया जाएगा। बिना मास्क के घर से बाहर निकलने वाले व्यक्तियों के खिलाफ यह जुर्माना किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर दिल्ली सरकार ने दिल्ली के विभिन्न संगठनों से जरूरतमंद व्यक्तियों को मास्क बांटने की गुजारिश भी की है।

कोराना के प्रति जागरुक
दिल्ली सरकार के मुताबिक इस कार्रवाई का मकसद केवल जुर्माना लगाना नहीं है, बल्कि सरकार दिल्ली में लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक बनाना चाहती है। इसलिए एक और जहां मास्क न लगाने पर अब 2000 रुपए का जुर्माना किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में बड़े पैमाने पर मास्क वितरण भी किया जाएगा।

थोड़ा सख्ती करने की जरूरत
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, गुरुवार को मैंने कोरोना की स्थिति पर उपराज्यपाल से मुलाकात की है और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। हम दोनों ने माना कि दिल्ली के अंदर जहां-जहां लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं, वहां थोड़ा सख्ती करने की जरूरत है। जब बार बार कहने से बात नहीं बन रही तो जुर्माना लगाना पड़ता है। इसलिए मास्क न पहनने पर अब 2000 रुपए का चालान किया जा रहा है। अब दिल्ली में जो भी व्यक्ति बिना मास्क के घूमेगा, 2000 रुपए का चालान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने की अपील
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, मेरी सब से अपील है। इस समय में दिल्ली के सभी लोगों से अपील करना चाहता हूं। जितनी भी सामाजिक संस्थाएं हैं, जितनी भी धार्मिक संस्थाएं हैं, जितने भी राजनीतिक दल हैं, सभी से मैं अपील करना चाहता हूं कि अपने कार्यकर्ताओं की मदद से दिल्ली में मास्क का वितरण करें। 

वक्त राजनीति का नहीं सेवा का है
उन्होंने कहा कि, यह वक्त राजनीति करने का नहीं है। यह समय सेवा करने का है, जितनी हम सेवा करेंगे लोगों की, उतने लोग हमें याद रखेंगे। भविष्य में लोग याद करेंगे कि कैसे दिल्ली ने कोरोना की लड़ाई लड़ी थी। सभी दलों ने सहमति जताई कि हम सब मिलकर कोरोना की लड़ाई लड़ेंगे। 

सभी राजनीतिक दलों से की अपील
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि, आज मैंने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि अपने कार्यकर्ताओं को सड़क पर मास्क लेकर भेजिए। कोई भी यदि सड़क पर मिले जिसने मास्क नहीं पहना है, उसे मास्क बांटिए। अगर आपने मास्क पहन लिया तो आपको कोरोना होने के चांसेस बहुत कम हो जाते हैं। इसलिए मेरी सभी संस्थाओं से, दिल्ली के सभी लोगों से अपील है कि मास्क पहनें। दूसरी ओर सभी धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संगठन के लोगों को मास्क उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को कोरोना से बचाया जा सके।

 

Created On :   19 Nov 2020 10:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story