- Home
- /
- अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर...
अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाएंगे निधि

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग निधि जुटाने के अभियान पर विचार चल रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। गली-मोहल्ला की समितियां बनाकर घर-घर तक पहुंचने की योजना है। फिलहाल इस अभियान की घोषणा नहीं की गई है। संघ सूत्र के अनुसार 15 जनवरी से 27 फरवरी तक यह अभियान चलाने का विचार है। इस जनसंपर्क अभियान में भाजपा के कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे। अभियान के तहत देश में 11 करोड़ नागरिकों से संपर्क करने का विचार है। अकेले विदर्भ में साढ़े 12 हजार गांवों तक पहुंचकर निधि जुटाई जाएगी। निधि सहयोग के आह्वान के लिए जल्द ही पत्र जारी किया जाएगा। अभियान के संदर्भ में अलग अलग स्तर पर बैठकें चल रही हैं।
कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन : रेशमबाग में हुई बैठक में विविध संगठनों के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया। अभियान के तहत नागरिकों से संपर्क कर 100 रुपए व उससे अधिक की निधि जुटाई जाएगी। संघ सूत्र के अनुसार, इस अभियान में सामाजिक सहभागिता का ध्यान रखा जाएगा। किसी भी तरह की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। विविध धार्मिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं व अन्य संस्थाओं से भी सहयोग लिया जाएगा। संघ का मानना है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट को मंदिर निर्माण के लिए अतिरिक्त निधि की आवश्यकता पड़ सकती है। फिलहाल मंदिर निर्माण की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन उसके लिए खर्च का बजट तय नहीं है। संघ का मत है कि श्रीराम मंदिर निर्माण जनभागीदारी से हो।
प्रतिदिन धनसंग्रह का विवरण : निधि संग्रहण की मॉनिटरिंग केंद्रीय स्तर पर होगी। इसके लिए सभी केंद्र प्रतिदिन साफ्टवेयर पर विवरण अपडेट करेंगे। ऑनलाइन एप लांचिंग की भी योजना है। प्रतिदिन की संगृहीत राशि, चेक व डीडी आदि को अगले दिन पास की एसबीआई बैंक की शाखा में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के खाते में जमा कराना अनिवार्य होगा। विश्व हिंदू परिषद के विदर्भ प्रांत प्रमुख केशव शेंडे के अनुसार, मंदिर निर्माण पूरी तरह से आस्था का विषय है। जनसहयोग की योजना पर केंद्रीय स्तर पर विचार चल रहा है। नागपुर में भी कार्यकर्ताओं से चर्चा हुई है।
Created On :   11 Dec 2020 11:37 AM IST