- Home
- /
- अब परिवहन मंत्री परब का नंबरः...
अब परिवहन मंत्री परब का नंबरः सोमैया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद भाजपा प्रदेश राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार के खिलाफ आक्रामक हो गई है। जवाब में सत्तादारी दलों ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसों के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। बुधवार को भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि मलिक के बाद अब शिवसेना नेता तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल परब की गिरफ्तारी होगी। सोमैया ने पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के बाद कैबिनेट मंत्री मलिक जेल में पहुंच गए हैं। अब तीसरा नंबर शिवसेना के कैबिनेट मंत्री परब का लगने वाला है। सोमैया ने कहा कि ठाकरे सरकार के चाहे कितनी दादागिरी और माफियागिरी कर ले। हम ठाकरे सरकार के घोटालेबाज मंत्रियों को नहीं छोड़ेंगे। जबकि भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा कि शिवसेना सांसद संजय राऊत सत्ता की लाचारी में मुंबई धम धमाके को भूल गए हैं। मुंबई बम धमाके को अंजाम देने वाले दाऊद इब्राहिम के भागीदार के रूप में मलिक का नाम सामने आया है। लेकिन राऊत राकांपा के मंत्री मलिक को बचाने के लिए आगे आए हैं। यह एक तरीके देशद्रोह है। नितेश ने कहा कि राऊत को अब अपनी मुंबई कहने का अधिकार नहीं है।
बेनकाब हो चुके हैं नवाबः शेलार
भाजपा विधायक आशीष शेलार ने कहा कि नवाब बेनकाब हो गए हैं। ईडी और एनआईए पिछले कुछ महीनों से दाऊद इब्राहिम की संपत्ति की जांच कर रही थी। इसी आधार पर मलिक के खिलाफ कार्रवाई हुई है। लेकिन सत्ताधारी महाविकास आघाड़ी के नेता मलिक के गिरफ्तारी को लेकर भाजपा का बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
नवाब मलिक को माफ नहीं करेगा देशः लोढा
मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक मंगलप्रभात लोढा ने मलिक की गिरफ्तारी पर कहा कि देश में आतंकी कार्रवाइयों को अंजाम देनेवाले लोगों से संबंध रखनेवाले आरोपियों पर कार्रवाई सर्वथा उचित है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यशाली है कि गौरवशाली इतिहास रखनेवाले महाराष्ट्र राज्य के एक मंत्री को अंडरवर्ल्ड से संबंध व आर्थिक व्यवहार के कारण गिरफ्तार किया गया है। आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त लोगों से संबंधित आरोपियों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाना चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मुंबई बम ब्लास्ट में जिन आतंकवादियों ने 257 निर्दोष मुंबईकरों की जान ली तथा हजारों लोगों को घायल किया, उन आतंकवादियों से नवाब मलिक ने रिश्ता रखा तथा उनके साथ व्यवसाय किया। मलिक को देशवासी कभी माफ नहीं करेंगे ।
मुस्लिम होने के कारण मलिक का दाऊद से संबंध जोड़ा जा रहा- शरद पवार
राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि नवाब मलिक के मुस्लिम होने के नाते उनका दाऊद इब्राहिम से संबंध जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पवार ने कहा कि लगभग 25 साल पहले जब मैं महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री था तब मुझ पर भी इस तरह के आरोप लगे थे। उस समय मेरे खिलाफ माहौल तैयार किया गया था। अब फिर से लोगों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
पवार ने कहा कि मलिक केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ आक्रामक होकर बोलते हैं। ऐसे में हमें विश्वास था कि आज नहीं तो कल मलिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। कोई न कोई मामला निकालकर मलिक को परेशान किया जाएगा। हमें ईडी की कार्रवाई से आश्चर्य नहीं हुआ। पवार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय जांच एजेंसियों का जिस तरीके से दुरुपयोग हो रहा है, मलिक की गिरफ्तारी उसका एक उदाहरण है। जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा राज्य के कैबिनटे मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि राजनीतिक का स्तर लगातार गिर है। मनपा और नगर पालिका की राजनीति से भी बदतर हालत हो गई है। इस पर केंद्र और राज्य का नेतृत्व करने वालों को विचार करने की जरूरत है। यदि यह सब जल्द नहीं रुका तो सर्वनाश होने की संभावना है। चव्हाण ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल ठीक नहीं है।
पूरा देश देख रहा है कि क्या हो रहा है- राउत
वहीं शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि ईडी ने मलिक के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की है। पूरा देश देख रहा है कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और झारखंड में क्या हो रहा है। राऊत ने कहा कि हम कानूनी और राजनीतिक लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे।
मलिक की गिरफ्तारी पर राकांपा और भाजपा का प्रदर्शन और आंदोलन
मलिक की गिरफ्तारी के बाद राकांपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ईडी के कार्यालय के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। राकांपा के कार्यकर्ताओं ने मुंबई, पुणे, उस्मानाबाद समेत कई जिलों में आंदोलन और प्रदर्शन किया। पुणे में राकांपा के कार्यकर्ताओं ने मलिक को रिहा करने की मांग की है। दूसरी ओर परभणी में भाजपा के पदाधिकारियों ने फटाखा फोड़कर जश्न मनाया। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने मलिक के इस्तीफे की मांग की। मुंबई में भी भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने फटाखा फोड़कर खुशी जताई। वहीं मलिक के गिरफ्तारी के बाद राकांपा के कार्यकर्ता आक्रामक हो गए हैं।
Created On :   23 Feb 2022 7:31 PM IST