- Home
- /
- एक ही दिन में संक्रमितों की संख्या...
एक ही दिन में संक्रमितों की संख्या हुई दोगुनी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। अमरावती जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार 24 घंटो में ही दोगुनी हो गई। मंगलवार को जहां संक्रमण के 91 मामले सामने आए थे। वहीं, बुधवार को 186 मरीज संक्रमित मिले। अधिक चिंताजनक बात यह है कि मरीजों की संक्रमण दर में भी वृद्धि की पुष्टि की गई है। केवल एक दिन में संक्रमण दर में 1.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। संक्रमित पाए गए 186 मरीजों में अधिकतर मरीजों के डेल्टाग्रस्त होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों के स्वैब नमूने प्रशासन द्वारा जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं। बुधवार को संक्रमित पाए गए 186 मरीजों में से 26 मरीज गंभीर बताए गए हैं।
47 मरीज कोरोना से स्वस्थ होकर लौटे है। अमरावती जिले में अब तक संक्रमित पाए गए 97 हजार मरीजों में से 94 हजार 764 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके है। जबकि पहले दिन से लेकर अब तक कोरोना के कारण 1568 मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल 636 मरीज कोविड उपचार ले रहे हैं। विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल से मिली इन 636 मरीजों में से 188 मरीज होम आईसोलेशन में उपचाररत हैं। जबकि मनपा क्षेत्र में 483 मरीज आईसोलेट किए गए है। वहीं, जिला कोविड अस्पताल में 31 मरीज उपचाररत हैं। इनमें से 23 मरीजों को ऑक्सीजन आपूर्ति की जा रही है। जबकि 4 मरीज वेंटिलेटर पर रखे गए हैं। वहीं, 4 मरीजों का स्वास्थ्य सामान्य बताया गया है।
जिले में पाए जाने वाले अधिकतर संक्रमित मरीज मनपा क्षेत्र है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में फिलहाल 132 सक्रिय मामले है। जिले में कोरोना मरीजों का स्वस्थ अौसत 97.69 फीसदी बताया गया है। जबकि मृत्यु दर 1.62 फीसदी है। अब तक जिले में कुल 9 लाख 20 हजार 488 मरीजों के स्वैब नमूने जांचे जा चुके है। बुधवार को सामने आए कोरोना के मामले 26 मई के बाद सबसे अधिक बताए गए है। अब तक जिले में एक दिन में सबसे ज्यादा 1102 मामले दर्ज किए गए है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जिले में मरीजों की यह संख्या दर्ज की गई थी।
Created On :   13 Jan 2022 12:21 PM IST