- Home
- /
- मंत्रालय में एक दिन छोड़ कर ड्यूटी...
मंत्रालय में एक दिन छोड़ कर ड्यूटी पर आएंगे अधिकारी-कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले के बीच मंत्रालय में भीड़ कम करने के लिए कई विभागों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में एक दिन छोड़कर एक दिन आने के लिए आदेश जारी किया है। प्रदेश सरकार के स्कूली शिक्षा विभाग, जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग, जलसंसाधन विभाग समेत कई विभागों ने अने कर्मियों के लिए कार्यालय में उपस्थिति के संबंध में नए आदेश जारी किए हैं।
जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग ने मंत्रालयीन प्रशासनिक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में उपस्थित रहने को लेकर 9 अप्रैल तक के लिए आदेश जारी किए हैं। इसके अनुसार जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग के अवर सचिव, कक्ष अधिकारी और समूह डी के कर्मचारियों को एक दिन छोड़कर एक दिन कार्यालय में आना पड़ेगा। स्कूली शिक्षा विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 31 मार्च तक के लिए आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक स्कूली शिक्षा विभाग के सह सचिव और उपसचिव को कार्यालय में प्रतिदिन उपस्थित रहना पड़ेगा जबकि अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को अल्टर डे कार्यालय में मौजूद रहना होगा। जबकि राज्य के जलसंसाधन विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दो पाली में ड्यूटी पर आने के लिए आदेश जारी किया है।
Created On :   15 March 2021 7:47 PM IST