नियम विरूद्ध मुख्यालय से गायब रहते हैं अफसर! मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर में बीत रहे शनिवार-रविवार

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
सिवनी नियम विरूद्ध मुख्यालय से गायब रहते हैं अफसर! मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर में बीत रहे शनिवार-रविवार

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिले में पदस्थ दर्जनों अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा नियम-विरूद्ध मुख्यालय छोड़ा जा रहा है। शनिवार व रविवार के अवकाश के दिन अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय से गायब रहते हैं। इन दोनों दिन कोई जबलपुर में नजर आता है तो कोई मंडला, बालाघाट या छिंदवाड़ा में, क्योंकि सिवनी में पदस्थ अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी इन्हीं शहरों के बताए जा रहे हैं, जो सोमवार को सिवनी में दस्तक देते हैं और शुक्रवार की दोपहर से इनके सिवनी छोडऩे का क्रम शुरू हो जाता है। शनिवार को नगर पालिका सिवनी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा बुनकर के खिलाफ कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास फटिंग द्वारा बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय छोडऩे व बैठक में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की गई है। इसकी भनक लगते ही बिना अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर मौजूद ऐसे आधा दर्जन अफसर शनिवार की रात वापस सिवनी लौट आए।

टोल से खुल जाएगी पोल
जिले में पदस्थ कई अधिकारी शुक्रवार को अपने निजी वाहन से बिना अनुमति जिले के बाहर निकल जाते हैं। कई तो ऐसे बताए जा रहे जो सरकारी वाहन पर ही धड़ल्ले से रवाना हो जाते हैं। शुक्रवार के बाद इनकी वापसी सीधे सोमवार को होती है। जबलपुर, छिंदवाड़ा मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के रिकार्ड व सीसीटीवी फुटेज से वाहनों का पूरा लेखा-जोखा निकाला जा सकता है।    

तहसील वाले सिवनी आ जाते हैं
जिले के तहसील मुख्यालय में पदस्थ कई अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भी गलत तरीके से मुख्यालय छोड़ा जा रहा है। बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने सिवनी में आवास ले रखे हैं, जो रोजाना अप-डाउन करने के साथ ही शनिवार व रविवार के दिन सिवनी में मौजूद रहते हैं। इनमें बरघाट, कुरई, छपारा, केवलारी आदि स्थानों में पदस्थ नगर परिषद, राजस्व, शिक्षा, पीएचई सहित अन्य विभागों का अमला शामिल बताया जा रहा है। पुलिस विभाग में पदस्थ अमला तो लखनादौन से सिवनी तक रोजाना अपडाउन कर रहा है।

दो दिन का काटा वेतन
बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय छोडऩे व बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सीएमओ पूजा बुनकर का दो दिन का वेतन काटे जाने के आदेश जारी किए हैं। वे शनिवार को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा के लिए आयोजित हुई जिला स्तरीय बैठक में अनुपस्थित पाई गईं। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सीएम हेल्पलाइन की जिलेवार एवं विभागवार रैंकिंग जारी होनी हैं। सीएमओ द्वारा न ही नगर पालिका सिवनी से संबंधित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण और  न ही विभाग के रैंकिंग सुधार के लिए कोई कार्रवाई की गई है।v

Created On :   20 Nov 2022 11:27 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story