- Home
- /
- वृद्ध नानी ने पैसे देने से मना किया...
वृद्ध नानी ने पैसे देने से मना किया तो चाकू घोंपकर हुआ फरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कलमना क्षेत्र में नाती ने वृद्ध नानी पर चाकू से हमला कर दिया। घायल का नाम तुलसीबाई गोवर्धन गायकवाड़ (70) है। तुलसीबाई की बेटी सरस्वतीबाई निर्मलकर की शिकायत पर आरोपी योगेश उर्फ ढोकला लालजी पटेल (20) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ढोकला फरार है।
अचानक तैश में आया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तुलसीबाई गायकवाड़ (पांडुरंग नगर, प्लॉट नंबर-64, कलमना) की बड़ी बेटी बंगलुरु में अपनी बेटी के पास गई हैं। वहां उसकी प्रसूति है, मगर यहां उनका बेटा योगेश उर्फ ढोकला लालजी पटेल नानी तुलसीबाई के साथ था। इसी बीच, तुलसीबाई की छोटी बेटी सरस्वती निर्मलकर (छत्तीसगढ़) भी यहां मां के पास आई। 22 फरवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे की बात है। सरस्वती दूसरे कमरे में सोने चली गई। हॉल में योगेश और उसकी नानी टीवी देख रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच विवाद होने लगा। तैश में आकर योगेश ने तुलसीबाई पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। उधर, तुलसीबाई ने आवाज देकर सरस्वती को पुकारा। सरस्वती ने आस-पास के कुछ युवकों की मदद से मां को अस्पताल भिजवाया। उसके बाद कलमना थाने में शिकायत की। थाने के पुलिस उपनिरीक्षक दहीफले ने आरोपी योगेश उर्फ ढोकला पर मामला दर्ज कर लिया है।
पैसे के लिए विवाद
बताया जा रहा है योगेश तुलसीबाई से कुछ दिन से पैसे के लिए विवाद कर रहा था। उस दिन भी वह 3 हजार रुपए की मांग कर रहा था, मगर तुलसीबाई बार-बार बोल रही थीं कि उनके पास पैसे नहीं हैं। गुस्से में चाकू से प्रहार कर योगेश भाग निकला। तुलसीबाई के सिर और गर्दन पर जख्म हैं।
Created On :   24 Feb 2021 3:01 PM IST