- Home
- /
- ओमिक्रॉन का मरीज घर लौटा, 16 सैंपल...
ओमिक्रॉन का मरीज घर लौटा, 16 सैंपल डेल्टा वैरिएंट के निकले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बुधवार को ओमिक्रॉन का मरीज स्वस्थ होकर घर लौटा है। वहीं जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए कुल 16 सैंपल भेजे गए थे। यह सभी सैंपल डेल्टा वैरिएंट के होने का खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय विषाणु प्रयोगशाला ने अपनी रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की है। विमानतल पर विदेश से लौटे सभी यात्रियों की जांच के बाद एक ही व्यक्ति ओमिक्रॉन पाॅजिटिव पाया गया था। इसके अलावा उसके संपर्क में आए सभी की जांच की गई है। सभी निगेटिव आने से ओमिक्रॉन की चेन ब्रेक हो चुकी है। वहीं, जिनके सैंपल्स पुणे भेजे गए थे, उन्हें भी क्वारेंटाइन रख उपचार किया गया था। वे भी स्वस्थ हो चुके हैं। प्रशासन ने रिपोर्ट आने के बाद संतोष व्यक्त किए हैं।
चेन ब्रेक करने में सफलता
5 दिसंबर को पश्चिम अफ्रीकी देश से लौटे एक यात्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसे एम्स में भर्ती किया गया था। 12 दिसंबर को उसे ओमिक्रॉन पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इस व्यक्ति के अलावा अन्य 16 लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। गुरुवार को उनकी रिपोर्ट प्रशासन को मिल चुकी है। सभी में डेल्टा वैरिएंट होने की पुष्टि हुई है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय चिलकर ने बताया कि सभी की जांच करने के बाद उन्हें संस्थागत क्वारंेटाइन रखा गया था। उपचार के बाद उनकी जांच की गई थी। निगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें घर भेजा गया था। अभी शहर का कोई सैंपल प्रयोगशाला में नहीं है। सभी रिपोर्ट आ चुकी है। नागरिकों को समय-समय पर सह्योग करने का आह्वान किया गया है। इससे चेन ब्रेक करने में और बीमारी फैलने से रोकने में सफलता मिलती है।
Created On :   17 Dec 2021 9:55 AM IST