- Home
- /
- उत्तर भारत में चल रही शीतलहर का...
उत्तर भारत में चल रही शीतलहर का असर, विदर्भ में लुढ़का पारा, नागपुर सबसे ठंडा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शुक्रवार को उपराजधानी में पारा जमकर लुढ़का। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार के तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। दिन में कुछ धूप खिली और शाम होते ही ठंडी हवा की चुभन महसूस हुई। शुक्रवार को नागपुर का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। शुक्रवार को विदर्भ में सबसे ठंडा नागपुर रहा। अगले कुछ दिनों तक ठंडी इसी तरह बरकरार रहने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में जारी शीतलहर का असर उपराजधानी में हुआ, शुक्रवार को पारा जबरदस्त नीचे आ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस महीने का सबसे कम तापमान है। उत्तर भारत से आ रही शीतलहर के चलते तापमान में गिरावट आने के अलावा ठंडी हवा की चुभन भी महसूस हो रही है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी। शाम होते ही ठंडी हवा के साथ तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग की माने तो अगले दो-तीन दिनों तक पारा इससे नीचे आने की संभावना नहीं है। इससे पहले 29 दिसंबर 2014 को नागपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया था।
न्यूनतम तापमान पर नजर
22 दिसंबर 6.3 डिग्री
23 दिसंबर 7.1 डिग्री
24 दिसंबर 7.8 डिग्री
25 दिसंबर 9.4 डिग्री
26 दिसंबर 10.9 डिग्री
27 दिसंबर 10.9 डिग्री
28 दिसंबर 5.7 डिग्री
Created On :   28 Dec 2018 11:26 PM IST