- Home
- /
- दैनिक भास्कर-नगर निगम की पहल,...
दैनिक भास्कर-नगर निगम की पहल, जबलपुर में फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जिस तिरंगे की शान के लिए न जाने कितने ही भारत वासियों ने जान गवाई, जिसके लिए देशभक्तों ने सीने पर गोलियां खाई, आज उसी राष्ट्र ध्वज को शान से 100 फ़ीट की ऊंचाई पर लहराता देख शहरवासियों ने बेहद फख्र महसूस किया। यह मौका भी खास था। 70 वें गणतंत्र दिवस पर नेहरू गार्डन में नगर निगम और दैनिक भास्कर के सौजन्य से विशाल तिरंगा ध्वज एवं स्तम्भ लोकार्पण समारोह हुआ।
दैनिक भास्कर की पहल पर यह विशाल तिरंगा जबलपुर को समर्पित किया गया। शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। महापौर डॉ. स्वाति सदानंद गोडबोले, सांसद राकेश सिंह, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, एसपी अमित सिंह, एमआईसी सदस्य दुर्गा उपाध्याय के साथ भास्कर परिवार से प्रबंध संचालक कैलाश अग्रवाल, संचालक राकेश अग्रवाल, डायरेक्टर शिवा अग्रवाल, परिधी अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद अतिथियो ने बटन दबाकर ध्वजारोहण किया।
समारोह में शामिल हुए सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया ने देश भक्ति से ओत प्रोत पंक्तियां बोलते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने सांस का हर सुमन है, वतन के लिए.. ज़िन्दगी ही हवन है वतन के लिए, कह गयी फांसियों पर चढ़ी गर्दनें, ये हमारा नमन है वतन के लिए...कविता गुनगुनाते हुए वीरों के बलिदान को याद किया। साथ ही भास्कर की पहल को अभिनव पहल बताया। उन्होंने सारा जहां है उसका जो मुस्कुराना सीख ले...का संदेश भी दिया।
महापौर गोडबोले ने कहा कि भास्कर ने 1 साल पहले जब यह प्रस्ताव नगर निगम के समक्ष रखा था तब ही इसे पूरा करने का सोच लिया था। एमआईसी से होता हुआ प्रस्ताव सदन पहुंचा तो 1 मिनट के भीतर पारित हो गया। उन्होंने कहा "मुझे गर्व है कि अब दिल्ली, बेंगलुरु जैसे शहरों की श्रेणी में हमारा जबलपुर भी शामिल हो गया है। इस पहल से लोगों में देश भक्ति का जज़्बा तो जागेगा ही, टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। हर दिशा से नज़र आने वाला यह तिरंगा जबलपुर की शान बनेगा।
वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जिन भावनाओं के साथ संविधान निर्माण किया, हम उन्ही भावनाओ के साथ देश की प्रगति में सहभागी बने। अब हमारा जबलपुर भी उन चुनिंदा शहरों में होगा, जहां विशाल तिरंगा हमेशा लहराएगा।
सांसद राकेश सिंह ने इस ऐतिहासिक पहल को जबलपुर के इतिहास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि हम कहीं भी तिरंगा लहराता देखते हैं तो मन में विचार आता है कि ये वही राष्ट्रीय ध्वज है जिसकी आन बान शान के लिए देश वासियों ने कुर्बानियां दी हैं।
विधायक विनय सक्सेना ने भी भास्कर की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र का मूल है कि जो कुछ भी करो औरों के लिए करो। इस बात की सार्थकता आज यहां दिख रही है।
बैंड दल की देशभक्ति धुनों ने इन पलों को और भी यादगार बना दिया। ए मेरे वतन के लोगो...धरती है बलिदान की जैसे गीतों की धुन कानो में मिश्री की तरह घुली। देर शाम हुई ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों में भी गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत गाये। जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया...छोड़ो कल की बातें...कर चले हम फिदा ..जैसे गीत शाम के वक़्त हुई मधुर पल ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों में गायक कलाकारों ने गुनगुनाये। जबलपुर वासियों ने सपरिवार गीतों से सजी शाम का लुत्फ उठाया।
फ्लैग पोल की खूबियां
- समूचा फ्लैग पोल और गुम्बद सिविल इंजीनियरिंग का अद्भुत उदहारण है। इसे मुंबई की एक कंपनी ने डिज़ाइन किया है।
- पोल 100 फ़ीट का है। गुम्बद का आकार है 6 फ़ीट। यानी तिरंगा 100 फ़ीट की ऊंचाई पर लहरा रहा है। इस लिहाज से यह फ्लैग पोल, जबलपुर शहर का सबसे बड़ा फ्लैग पोल बन गया है।
- तिरंगा का आकार 20x30 फ़ीट है।
- तिरंगे को रात में आकर्षक बनाने के लिए इस पर एलईडी लाइट्स लगाई गई है।
Created On :   26 Jan 2019 3:18 PM GMT