- Home
- /
- महाराष्ट्र की इन नगरपालिकाओं के...
महाराष्ट्र की इन नगरपालिकाओं के चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उपचुनावों में हार का सामना कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर नगरपरिषद चुनाव में भारी जीत दर्ज की है। राज्य के जलसंसाधन मंत्री गिरीष महाजन और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे अपना गढ़ बचाने में कामयाब रहे हैं। दोनों नेताओं ने अपने-अपने इलाके में एकतरफा जीत हासिल की है। भाजपा ने 6 नगरपरिषदों में से 4 में सत्ता हासिल की है। जबकि कोकण की कणकवली नगरपालिका में स्वाभिमान पक्ष और एक अन्य जगह शहर विकास आघाडी का नगराध्यक्ष चुना गया। राज्य में 6 नगरपरिषदों के चुनाव में से जामनेर (जलगांव जिला), वैजापुर (औरंगाबाद जिला) और देवरूख (रत्नागिरी जिला) नगरपरिषद में भाजपा के नगराध्यक्ष विजयी हुए हैं। इसके अलावा आजरा (कोल्हापुर जिला) में भाजपा समर्थित आघाडी का उम्मीदवार नगराध्यक्ष चुना गया। छह में से चार नगराध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में भाजपा को सफलता मिली है। नगरसेवकों के चुनाव में भी भाजपा सबसे आगे है। छह नगरपालिकाओं के कुल 116 नगरसेवकों में से 50 भाजपा के चुनाव चिन्ह पर विजयी हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रावसाहेब दानवे का दावा है कि आजरा नगरपालिका में विजयी आघाडी के 9 नगरसेवक भी भाजपा कार्यकर्ता हैं।
जामनेर में गिरीश महाजन का जलवा
जलगांव की जमानेर नगरपरिषद चुनाव में जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन के नेतृत्व में भाजपा ने भारी जीत हासिल की है। यहां भाजपा ने सभी 24 सीटों पर जीत हासिल कर विपक्षी दलों का सफाया कर दिया है। महाजन की पत्नी साधना महाजन नगराध्यक्ष चुनीं गई। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस की उम्मीदवार अंजना पवार को आठ हजार मतों से हराया। इस जीत से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी महाजन का जलगांव जिले में वजन बढ़ गया है। गौरतलब है कि भाजपा से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे भी इसी जिले से आते हैं।
कणकवली में चली नारायण राणे हवा
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे की नवगठित पार्टी महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष ने अपने पहले चुनाव में सफलता हासिल की है। कणकवली नगरपालिका चुनाव में राणे का सिक्का चला। यहां पार्टी ने 17 सीटों में से 11 पर जीत हासिल किया। यहां खास बात यह थी कि भाजपा के टिकट पर राज्यसभा गए राणे ने इस चुनाव के लिए राकांपा के साथ गठबंधन किया था जबकि इन दिनों शत्रु दल बन चुके भाजपा-शिवसेना में युति हुई थी। कणकवली में नगराध्यक्ष पद के चुनाव में महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार समीर नलावडे विजयी हुए। उन्होंने भाजपा-शिवसेना युति के उम्मीदवार संदेश पारकर को 37 मतों से हराया।
गुहागर में राकांपा को झटका
रत्नागिरी जिले की गुहागर नगरपंचायत में राकांपा और स्थानीय विधायक भास्कर जाधव को झटका लगा है। यहां की 17 सीटों में से भाजपा 6, राकांपा 1, शिवसेना 1 और शहर विकास आघाडी 9 सीटें जीतने में कामयाब रही। शिवसेना को यहां भले ही एक सीट मिली, लेकिन उसने शहर विकास आघाडी को समर्थन दिया था, जिसकी वजह से गुहागर में शहर विकास आघाडी की सत्ता स्थापित होगी।
नगराध्यक्ष चुनाव (06)
भाजपा 04
स्वाभिमान पक्ष 01
शहर विकास अघाडी 01
Created On :   12 April 2018 7:23 PM IST