- Home
- /
- हमले से पहले शरद पवार के घर की रेकी...
हमले से पहले शरद पवार के घर की रेकी करने वाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,मुंबई। राकांपा प्रमुख शरद पवार के घर पर हमले के मामले में गामदेवी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मनोज मुदलियार पर आरोप है कि उसने हमले से पहले पवार के घर की रेकी की थी। पुलिस की टीम ने उसे पुणे से दबोचा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 8 अप्रैल को सिल्वर ओक पर हमले से पहले मुदलियार अपने एक साथी के साथ यहां पहुंचा था और आसपास के हालात और स्थिति की जानकारी लेकर प्रदर्शन की अगुआई कर रहे लोगों तक पहुंचाई थी। पुलिस का यह भी दावा है कि पकड़े गए आरोपी ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) के हड़ताली कर्मचारियों के वकील गुणरत्न सदावर्ते के घर पर 7 अप्रैल को हुई बैठक में शामिल था साथ ही उसे पैसों के लेनदेन के बारे में भी जानकारी है। इस मामले में पुलिस अब तक 118 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है जिनमें मामले के मुख्य आरोपी और सदावर्ते भी शामिल हैं। वहीं सदावर्ते को हिरासत में लेने के लिए कोल्हापुर पुलिस की टीम मंगलवार को मुंबई पहुंची है। सदावर्ते के खिलाफ कोल्हापुर के शाहूपुरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
Created On :   19 April 2022 8:57 PM IST