- Home
- /
- मनपा में एक के बाद एक घोटाला, अब...
मनपा में एक के बाद एक घोटाला, अब स्टेशनरी घोटाले पर राजनीति गर्माई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा में स्टेशनरी घोटाले पर राजनीति गर्माने लगी है। भाजपा नगरसेवक विजय झलके ने जन्म-मृत्यु विभाग में एक करोड़ से ज्यादा रुपए का घोटाला होने का आरोप लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष तथा विधायक विकास ठाकरे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर घोटाले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने व मनपा बर्खास्त करने की मांग की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस नगरसेवक आभा पांडे ने करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार पर चर्चा के लिए मनपा की विशेष आमसभा बुलाने की महापौर से मांग की है। स्टेशनरी घोटाला सामने आने पर सत्तापक्ष और विपक्ष ने प्रशासन पर हमला बोल दिया है। सदन में अनेक मुद्दों पर बंटा रहने वाले सत्तापक्ष और विपक्ष ने घोटाले पर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
मनपा बर्खास्त करें : कांग्रेस शहर अध्यक्ष विधायक विकास ठाकरे ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सत्तापक्ष और वरिष्ठों की प्रशासन पर पकड़ कमजोर होने से भ्रष्टाचार को अंजाम दिए जाने का कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 67 लाख का भ्रष्टाचार तो एक बानगी है। विविध विभाग और जोन कार्यालयों में सप्लाई की आड़ में 100 करोड़ से ज्यादा का भ्रष्टाचार होने की आशंका है। राज्य सरकार से उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर भ्रष्टाचार की गहन जांच करने व मनपा बर्खास्त करने की मुख्यमंत्री से मांग की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक आभा पांडे ने घाेटाले को सदन के सामने लाने की मांग की है। उन्होंने इस विषय पर चर्चा के लिए विशेष आमसभा बुलाने की महापौर से मांग की है।
Created On :   18 Dec 2021 6:40 PM IST