- Home
- /
- एक वृक्ष देता है दस पुत्रों जैसा...
एक वृक्ष देता है दस पुत्रों जैसा सुख, देश में पहुंचे दैनिक भास्कर का पौधारोपण संदेश

- तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने आगे बढ़ाई "पौधे अपने परिजन' मुहिम
डिजिटल डेस्क, नागपुर। बदलते दौर और जनसंख्या वृद्धि के कारण देश का हरित आवरण कम होने लगा है। ऐसे में पौधारोपण के साथ-साथ पेड़-पौधों का संवर्धन बहुत जरुरी है। मत्स्यपुराण में कहा ही गया है कि "दशकूप समावापी दशवापी समोहदः,दशहद समः पुत्र दश पुत्र समोदयः" अर्थात लोक कल्याण की दृष्टि से दस कुओं के समान एक बावड़ी होती है। दस बावड़ियों के समान एक तालाब, दस तालाबों के समान एक पुत्र और दस पुत्रों के समान एक वृक्ष होता है। दस पुत्र अपने जीवन काल में जितना सुख लाभ देते हैं, उतना लाभ एक वृक्ष अपने जीवन काल में पहुंचता है। तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शनिवार को दैनिक भास्कर की "पौधे अपने परिजन" मुहिम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संपादकीय सहयोगियों से चर्चा की।
देश में पहुंचेगा संदेश
उन्होंने "पौधे अपने परिजन" मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि भारत के केंद्र बिंदु नागपुर में दैनिक भास्कर ने यह मुहिम शुरु की है। इस अखबार को अपनी सच्चाई और जिद के लिए जाना जाता है। यदि भास्कर इस प्रकार की मुहिम चला रहा है, तो यह निश्चित तौर पर पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगा। "पौधे अपने परिजन" मुहिम के माध्यम से सारे देश में पौधारोपण का संदेश पहुंचेगा।
पेड़-पौधों की रक्षा हमारा कर्तव्य
महात्मा गांधी के कथन को दोहराते हुए श्री पुरोहित ने कहा कि धरती के पास सबकी जरूरतों के लिए पर्याप्त संसाधन हैं, लेकिन लालच के लिए नहीं। ऐसे में पेड़-पौधों की रक्षा हमारा परम कर्तव्य है। धर्म में वृक्षों को पूज्य बता कर उनकी रक्षा का कर्तव्य बताया गया है, क्योंकि कहा गया है -"मूले ब्रह्मा त्वचा विष्णु शाखा शंकर एव च पत्रे पत्रे च देवानां,वृक्षराज नमोस्तुते।" अर्थात ‘हे वृक्षों में श्रेष्ठ ! हम तुम्हें नमन करते हैं । तुम्हारे मूल (जड़) में ब्रह्मा जी निवास करते हैं और छाल अर्थात तने में विष्णु भगवान का निवास है , शाखाओं में देवाधिदेव रुद्र (शिव जी) तथा पत्ते -पत्ते मे विभिन्न देवगण निवास करते हैं।
नीम का पेड़ बहुउपयोगी
राज्यपाल ने नीम के वृक्षों का महत्व बताया कि नीम न केवल दातुन और औषधीय गुणों के कारण महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण में हवा को स्वच्छ करने में भी भूमिका अहम है। दैनिक भास्कर नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके घर या आस-पास जगह हो, तो वे नीम का पौधा जरुर लगाएं, जिससे पर्यावरण स्वच्छ बना रहे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महापौर दयाशंकर तिवारी को भी इस मुहिम को आगे बढ़ाने और पेड़-पौधों की रक्षा पर जोर देने का संदेश दिया।
स्वयं दिया है पर्यावरण रक्षा का संदेश
श्री पुरोहित ने बताया कि तमिलनाडु स्थित उनके करीब 150 एकड़ के राजभवन के एक हिस्से में उन्होंने कमल ताल विकसित किया है। इसके अलावा करीब 85 एकड़ भूमि आरक्षित वन क्षेत्र है। राजभवन की हरियाली के संरक्षण पर वे स्वयं ध्यान देते हैं। वन विभाग की एक विशेषज्ञ टीम इस कार्य के लिए नियुक्त की गई है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में महापौर दयाशंकर तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे। अन्य अतिथियों में आदित्य अनघा मल्टीस्टेट समूह के समीर सराफ, हितवाद के प्रबंध संचालक राजेंद्र पुरोहित, नगरसेवक विजय चुटेले की भी उपस्थिति थी। दैनिक भास्कर के संचालक सुमित अग्रवाल, समूह संचालक प्रकाश दुबे और अन्य सदस्य कार्यक्रम में मौजूद थे।


Created On :   3 July 2021 7:25 PM IST