- Home
- /
- फिर रुलाने की तैयारी में प्याज,...
फिर रुलाने की तैयारी में प्याज, तेजी से बढ़ रहे दाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण अब प्याज की फसल खराब होने लगी है, यही कारण है कि थोक बाजार में प्याज के दाम बढ़े हैं। मंगलवार को बाजार में सफेद प्याज के दाम में करीब 100 रुपए प्रति 40 किलो तक की बढ़त दर्ज की गई है। बाजार में नई प्याज की आवक महाराष्ट्र से हो रही है। वहीं तेलंगाना में भी प्याज की फसल हुई है। बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। कलमना थोक बाजार में रोजाना प्याज की 20 गाड़ियां आ रही है, जिसमें 4 से 5 गाडियां नई प्याज की आ रही हैं।
खराब आ रही प्याज
व्यापारियों ने बताया कि नई प्याज की फसल काफी खराब हो रही है। जिसके चलते बाजार में तेजी की स्थिति बन रही है। आने वाले दिनों में भी तेजी की संभावना व्यक्त की जा रही है। बाजार में सफेद प्याज 400 से 800 और लाल प्याज 300-950 रुपए प्रति 40 किलो की दर से बिक रही है। वहीं खुदरा बाजार में प्याज 25 से 30 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है।
आलू में भी तेजी
प्याज के साथ ही आलू के दाम में भी तेजी दर्ज की जा रही है। बारिश के कारण पंजाब में खेतों में लगा आलू का बीज खराब हो चुका है। छिंदवाड़ा में भी आलू की बुवाई में देरी हुई है। इस साल आलू की पैदावार काफी अच्छी थी। कोल्ड स्टोरेज में भी भरपूर स्टॉक है, लेकिन फसल खराब होने के कारण बाजार में आवक प्रभावित हुई है। व्यापारियों के अनुसार अब तक आलू के दाम कम होने की संभावना थी, लेकिन इसके उलट दाम में तेजी आ रही है। थोक बाजार में आलू नया 250 से 500 रुपए प्रति 40 किलो बिक रहा है, जबकि खुदरा में इसके दाम 20 रुपए प्रति किलो तक है।
Created On :   30 Sept 2021 6:38 PM IST