- Home
- /
- ऑनलाइन फ्रॉड : बैंक खाते से उड़ाए...
ऑनलाइन फ्रॉड : बैंक खाते से उड़ाए 1.80 लाख रुपए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नौकरी के लिए मोबाइल पर भेजी लिंक पर क्लिक करते ही एक व्यक्ति के खाते से करीब 1 लाख 80 हजार रुपए उड़ा दिए। घटना जुलाई माह में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिट्टीखदान निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति के मोबाइल पर अज्ञात आरोपी ने नौकरी के लिए एक लिंक भेजी और उसके बाद फोन किया। पीड़ित के मोबाइल पर भेजी गई लिंक को क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से उक्त रकम गायब हो गई। आरोपी ने जब फोन किया था, तब पीड़ित से कहा कि, उसे प्रोसेसिंग फीस 100 रुपए देना पड़ेगी। उसने कुछ डिटेल भरने के लिए एक लिंक भेजी। उस लिंक को क्लिक करते ही उनके खाते से रुपए निकल लिए गए। दो माह जांच के बाद गिट्टीखदान पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया है।
काम नहीं मिलने से परेशान मिस्त्री ने की खुदकुशी
वाड़ी क्षेत्र में एक मिस्त्री ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम अनिल हरि कटनकर (45) है। घटना 7 अक्टूबर को हुई। पुलिस के अनुसार अनिल को शराब पीने की आदत थी। घटना के दिन उसका परिवार घर पर नहीं था। अनिल मिस्त्री था। पिछले तीन-चार दिन से उसे काम नहीं मिलने के कराण वह काफी परेशान था। पत्नी और बेटी आधार कार्ड अपडेट कराने गई थी। इस दौरान उसने बल्ली में वायर बांधकर फांसी लगा ली। पत्नी-बेटी घर लौटने पर घटना के बारे में पता चला। वह महात्मा फुले चौक आंबेडकर नगर निवासी राजेश के यहां किराए से रहता था। आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   9 Oct 2020 4:55 PM IST