- Home
- /
- नागपुर में 18 से 45 वर्ष के सिर्फ...
नागपुर में 18 से 45 वर्ष के सिर्फ 3.66% हुए वैक्सीनेट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में टीकाकरण की रफ्तार लगभग खत्म हो गई है। अब मुहिम की तरह नहीं, वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए हर आयु वर्ग के लोग इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वैक्सीन नहीं मिल रही है। 6 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार 18 से 45 वर्ष तक के 31 हजार 111 लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं, जो शहर के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 3.66 प्रतिशत है।
31,111 ने लिए दोनों डोज : जिले में टीकाकरण के लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। नागपुर शहर में कुल आबादी करीब 28 लाख है। इसमें से 18 से 45 वर्ष के करीब 8 लाख 40 हजार लोग हैं। इसमें से सिर्फ 31 हजार 111 लोगों को ही कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लगे हैं। इसके अनुसार सिर्फ 3.66 प्रतिशत लोग पूर्णत: वैक्सीनेट हुए हैं, जो कि बहुत कम है। तीसरी लहर को लेकर प्रशासन तैयारी तो कर रहा है, लेकिन इससे लड़ने के लिए एक मात्र विकल्प वैक्सीनेशन ही है और इसी में शहर पिछड़ रहा है।
दूसरा डोज लेने वालों की संख्या हुई कम : जिले में 18 से 45 वर्ष का टीकाकरण शुरू होते ही वैक्सीन की कमी हो गई। मई माह में सिर्फ 12 दिन टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही आगे भी वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई। साथ ही पहले कोविशील्ड का पहला डोज लेने के बाद दूसरा डोज 4 से 6 हफ्ते में ले सकते थे। इसके बाद नियम बदला गया। अब दूसरा डोज 12 से 14 हफ्ते में ले सकते हैं। इसके कारण दूसरा डोज लेने वालों की संख्या कम हुई है।
Created On :   7 Aug 2021 2:12 PM IST