- Home
- /
- भाजपा के साथ विश्वासघात करने वाली...
भाजपा के साथ विश्वासघात करने वाली शिवसेना को जवाब देने का मौकाः गोयल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में राज्यसभा की छह सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन के बाद भाजपा और शिवसेना के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने के बाद भाजपा उम्मीदवार तथा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सत्तारूढ़ शिवसेना पर तीखा हमला बोला। गोयल ने कहा कि राज्यसभा का यह चुनाव भाजपा के साथ विश्वासघात करने वाली शिवसेना को जवाब देने का मौका है।
उन्होंने कहा कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना ने भाजपा के बलबूते पर अपने उम्मीदवारों को जिताया। पर चुनाव नतीजों के बाद शिवसेना ने भाजपा के साथ विश्वासघात किया था। इस राज्यसभा चुनाव में उसका जवाब देने का मौका है। इसके जवाब में शिवसेना सांसद संजय राऊत ने गोयल पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोग हमेशा महाराष्ट्र के साथ बदले की भावना के साथ काम करते हैं। यह गोयल के बयान से एक बार फिर नजर आ गया है। गोयल शिवसेना से बदला लेने के लिए राज्यसभा चुनाव लड़ रहे हैं क्या? उनके बयान को राज्य के विधायकों और जनता ने सुना है। राऊत ने कहा कि गोयल महाराष्ट्र से ही राज्यसभा के सांसद हैं। उन्हें संभलकर बोलना चाहिए। महाराष्ट्र में विश्वासघात की परंपरा नहीं थी। मगर साल 2014 और साल 2019 के विधानसभा चुनाव में विश्वासघात की परंपरा को किसने शुरू किया है। यह महाराष्ट्र की जनता अच्छी तरह से जानती है। गोयल अधिकांश समय दिल्ली में रहते हैं। इसलिए संभवतः उन्हें महाराष्ट्र के राजनीतिक घटना क्रम के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होगी।
Created On :   30 May 2022 7:57 PM IST