- Home
- /
- दो लोगों के अंगदान से 6 लोगों को...
दो लोगों के अंगदान से 6 लोगों को मिला जीवनदान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले दो महीने से शहर में अंगदान करने वालों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को ब्रेन डेड होने से दो लोगों के परिजनों ने अंगदान कर 6 लोगों को जीवनदान दिया है, वहीं नेत्रदान से दो लोगों को रोशनी मिलने वाली है।
डॉक्टरों ने बताया ब्रेन डेड : जरीपटका स्थित हुडको कालोनी निवासी शेखर खुशाल अंजनकर (60) को 13 दिसंबर को तबीयत खराब होने पर मेडिट्रिना अस्पताल में भर्ती किया गया। 15 दिसंबर को डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया। अंगदान के लिए डॉ. तपन बोदेले ने अंजनकर के बेटे शुभम, अभिषेक, पत्नी माया व बेटी प्रगति से बात की, तो उन्होंने अंगदान की स्वीकृति दी। उसके बाद प्रतीक्षा सूची की पड़ताल करने पर लिवर मेडिट्रिना में एक व्यक्ति पर प्रत्यारोपित किया गया। एक किडनी इसी अस्पताल में एक महिला पर प्रत्यारोपित की गई। दूसरी किडनी केयर अस्पताल में 38 साल की महिला पर प्रत्यारोपित की गई। हार्ट व दोनों लंग्स प्रत्यारोपित करने योग्य नहीं थे। जोनल ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेशन सेंटर नागपुर के सचिव डॉ. संजय कोलते ने यह जानकारी दी।
बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर : दूसरे मामले में अमरावती नांदगांव पेठ निवासी गजानन पंजाबराव कडू (65) को 16 दिसंबर को परतवाड़ा के भंसाली हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। शाम को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड होने की घोषणा की। समिति के सदस्य डॉ. आशीष भंसाली ने कडू की बेटी मीनल काले, दामाद प्रफुल्ल काले, माधुरी वानखेड़े व प्रियंका लायस्कर को अंगदान के संबंध में समुपदेशन किया। सभी ने इसके लिए अनुमति दी। इसके बाद विभागीय प्रत्यारोपण समिति की अध्यक्ष डॉ. विभावरी दाणी, सचिव डॉ. संजय कोलते को सूचना दी गई। उन्होंने प्रतीक्षा सूची देखने के बाद अंग नागपुर लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की तैयारी करवाई। 40 यातायात पुलिसकर्मियों की मदद से ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। गजानन कडू की दो किडनियां और लिवर नागपुर लाया गया। यहां के किंग्सवे अस्पताल में एक व्यक्ति पर एक किडनी और दूसरी किडनी मेडिट्रिना अस्पताल में एक महिला पर तथा लिवर न्यू ईरा अस्पताल में एक व्यक्ति पर प्रत्यारोपित किया गया। कडू की आंखें एक आई बैंक को सौंपी गई हैं।
Created On :   18 Dec 2021 6:51 PM IST