धान खरीदी केंद्र अब तक बंद, दर-दर भटक रहे किसान

Paddy procurement center closed till now, farmers wandering from door to door
धान खरीदी केंद्र अब तक बंद, दर-दर भटक रहे किसान
बाट जोहते निकल गई दिवाली धान खरीदी केंद्र अब तक बंद, दर-दर भटक रहे किसान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया ।  जिले में खरीफ मौसम 2022 की धान की खरीदी के लिए जिला मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से 1 नवंबर से 99 केंद्रों पर धान की खरीदी शुरू करने की बात कही गई थी। लेकिन प्रत्यक्ष में 2 नवंबर को जिले में एक भी शासकीय धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं हो पाया है। इस संबंध में अपना नाम न छापने की शर्त पर डीएमओ ऑफिस के ही एक कर्मचारी ने बताया कि अब तक किसी भी संस्था को धान खरीदी के लिए आदेश ही जारी नहीं किए गए हैं तो खरीदी शुरू कैसे होगी? वहीं दूसरी ओर जिन किसानों का धान कटकर बिक्री के लिए तैयार है, वे शासकीय धान खरीदी केंद्र शुरू न होने के कारण तथा तत्काल राशि की आवश्यकता होने की वजह से निजी व्यापारियों के हाथों अपना धान समर्थन मूल्य से कम दाम में बेचने के लिए मजबूर हो गए हैं। 
प्रतिवर्ष धान खरीदी में घोटाले की बात उजागर होने के बावजूद यह एक अलिखित नियम जैसा बन गया है कि जब छोटे किसानों का अधिकांश माल व्यापारियों के हाथों बिक चुका होता है, उसके बाद ही शासकीय धान खरीदी केंद्र बाजेगाजे के साथ शुरू किए जाते हैं एवं केंद्रों के उद्घाटन के नेताओं के फोटो प्रकाशित किए जाते हैं। तब तक अधिकांश छोटे किसान अपना धान बेच चुके होते हैं एवं बाद में वही धान किसानों के सातबारा के आधार पर व्यवसायियों द्वारा ही शासकीय धान खरीदी केंद्र को केंद्र सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर किसानों के नाम पर बेच दिया जाता है। जिसमें संस्था संचालकों की मिलीभगत से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पहले 1 नवंबर से 99 धान खरीदी केंद्र शुरू किए जाने की जानकारी दी गई थी। लेकिन वास्तविकता यह है कि अब तक इनमें से एक भी केंद्र शुरू नहीं हो पाया है एवं किसान धान की बिक्री के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं। 
 

Created On :   3 Nov 2022 6:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story