- Home
- /
- गोदाम के अभाव में बंद पड़े धान खरीदी...
गोदाम के अभाव में बंद पड़े धान खरीदी केंद्र अंतत: शुरू

डिजिटल डेस्क, आरमोरी (गड़चिरोली)। सरकार ने मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से तहसील के आरमोरी, वैरागड़, वड़धा, पलसगांव और पाथरगोटा में एकाधिकार धान खरीदी योजना के तहत धान खरीदी केंद्र शुरू किए हैं। गोदाम हाउसफुल होने का कारण बताकर केंद्र संचालकों ने पलसगांव और पाथरगोटा में धान खरीदी प्रक्रिया बंद कर दी थी। लगातार पांच दिनों तक अपने धान को ट्रैक्टर में लादने से किसानों को ट्रैक्टर का अनावश्यक किराया देना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या से किसानों को निजात दिलाने के लिए कांग्रेस के आदिवासी सेल के जिला सचिव दिलीप घोडाम ने आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। इस चेतावनी के कारण प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कार्यवाही करते हुए शनिवार से दोनों स्थानों की खरीदी प्रक्रिया पूर्ववत शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा आरमोरी व चामोर्शी माल में गोदाम की व्यवस्था कराने की जानकारी है।
बता दें कि, आरमोरी तहसील के ग्रामीण इलाकों में मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से धान की खरीदी की जाती है। वर्तमान में खरीफ सत्र समाप्त हो गया हैं|
किसानों के हाथ में धान जमा हो गया है। किसान बड़ी संख्या में सरकारी केंद्रों में पहुंचकर अपने धान की बिक्री कर रहे हैं। लेकिन पांच दिन पूर्व तहसील के पलसगांव और पाथरगोटा के केंद्र संचालकों ने उपलब्ध गोदाम पूरी तरह हाउसफुल होने का कारण बताकर खरीदी प्रक्रिया बंद कर दी थी। इस बीच किसानों का धान ट्रैक्टर पर ही लदा हुआ था। किसानों को ट्रैक्टर के किराए पर प्रति दिन 1 हजार रुपए चुकाने पड़ रहे थे। इस समस्या से निजात पाने किसानों ने कांग्रेस के दिलीप घोडाम से शिकायत की। शिकायत के मिलते ही घोडाम ने दोनों धान खरीदी केंद्र पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। साथ बंद पड़े केंद्र यथाशीघ्र शुरू न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। इस आशय का एक ज्ञापन घोडाम ने मार्केटिंग फेडरेशन के अधिकारियों को सौंपा था। इसी ज्ञापन पर गंभीरता से ध्यान देते हुए फेडरेशन के अधिकारियों ने आरमोरी और चामोर्शी माल का गोदाम उपलब्ध करवाया। इस कारण शनिवार से पाथरगोटा और पलसगांव के केंद्र पूर्ववत आरंभ हो गए। शनिवार को ट्रैक्टर में लदे धान की पहली खरीदी की गयी। धान खरीदी केंद्र पूर्ववत शुरू कराने प्रयास करने पर किसानों ने घोडाम का आभार भी व्यक्त किया है।
Created On :   11 Dec 2022 2:26 PM IST












