- Home
- /
- खेत में बिछाए गए जाल में फंसा...
खेत में बिछाए गए जाल में फंसा पेंगोलिन

डिजिटल डेस्क, तलेगांव दशासर(अमरावती)। तलेगांव दशासर परिसर के एक खेत में जंगली सुअर सहित अन्य वन्य प्राणियों से सोयाबीन व तुअर की फसलों को नुकसान होने से बचाने के लिए किसानों द्वारा बिछाए गए जाल में एक पेंगोलिन फंस गया। वन विभाग व तलेगांव पुलिस को जानकारी देने के बाद जाल में फंसे इस पेंगोलिन को सकुशल जाल से बाहर निकाल कर जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के मुताबिक तलेगांव के किसान लक्ष्मण वाघधरे के खेत में तुअर व सोयाबीन की फसलों को वन्य प्राणियों के आतंक से बचाने के लिए जाल बिछाया गया था। इस जाल में दुलर्भ पेंगोलिन फंस गया। गुरुवार को सुबह किसान वाघधरे खेत में पहुंचा तब उसे पेंगोलिन जाल में फंसा दिखाई दिया। उसने तत्काल इसकी जानकारी तलेगांव पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल चांदूर रेलवे वन विभाग को सूचना दी। इसके पश्चात वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की सहायता से जाल में फंसे पेंगोलिन को सकुशल बाहर निकाला गया और इसके पश्चात उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
Created On :   5 Aug 2022 2:04 PM IST