- Home
- /
- मेडिकल हास्पिटल में बीमार बच्ची को...
मेडिकल हास्पिटल में बीमार बच्ची को छोड़ मां-बाप हुए फरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मेडिकल अस्पताल में भर्ती नवजात को छोड़कर उसके मां-बाप भाग गए। अजनी थाने में दंपति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पता चला है कि आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण यह कदम उठाने वह मजबूर हुए।
12 दिन पहले हुई प्रसूति : यवतमाल निवासी संतोष कासकर (30) और उसकी पत्नी मंदा संतोष कासकर (25) मजदूरी करते हैं। लॉकडाउन के दौरान काम-धंधा नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बहुत ही कमजोर हो गई। इस बीच, लगभग बारह दिन पहले मंदा की प्रसूति हुई। उसने बच्ची को जन्म दिया। जन्म से ही बच्ची कमजोर थी। अन्य स्वास्थ्य परेशानियां भी बताई गईं। दंपति ने बच्ची को यवतमाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया। सेहत में सुधार नहीं होता देख उसे नागपुर के मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया। कासकर दंपति 11 सितंबर को बच्ची को लेकर नागपुर आए और उसे मेडिकल में भर्ती कराया। इसी बीच, दरमियानी रात बच्ची को अस्पताल में छोड़ कर वे भाग गए। मामला अजनी पुलिस के पास पहुंचा। दंपति यवतमाल में हो सकते हैं, इस संदेह के आधार पर वहां की पुलिस को सूचना दी गई है।
Created On :   14 Sept 2020 10:57 AM IST