- Home
- /
- पार्टी पड़ी महंगी , शांति नगर थाने...
पार्टी पड़ी महंगी , शांति नगर थाने के 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सहायक पुलिस आयुक्तालय में हुई पार्टी का वीडियो वायरल होने से पुलिस आयुक्त ने सख्त कदम उठाया है। शांति नगर थाने के तीन पुलिस कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। संपत्ति के मामले में कार्रवाई करने के बदले में इन पुलिसकर्मियों ने पीड़ित से मटन और शराब की पार्टी मांगी थी।
3 मार्च को हुई थी पार्टी
विलास खेड़कर नामक व्यक्ति का किसी से संपत्ति विवाद जारी है। उसने इसकी शिकायत शांति नगर थाने से लेकर सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की थी। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से थाने के कुछ कर्मचारियों ने विलास से मटन और शराब की पार्टी मांगी थी। 3 मार्च की रात यह पार्टी सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कार्यालय में हुई। कार्यालय के िकसी कर्मचारी ने पार्टी का वीडियो बनाया, जो विलास के हाथ लग गया। उसने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को वह वीडियो दिखाया।
पहले भी सुर्खियों में रहा है थाना
मामले की गंभीरता से पुलिस आयुक्त ने सख्त कदम उठाते हुए परिमंड़ल क्र. 5 के उपायुक्त निलोत्पल को इसकी जांच करने के आदेश दिए, जिससे निलंबित कर्मचारियों और पीड़ित के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद गुरुवार को सहायक उपनिरीक्षक गणेश लांडे, नायक सिपाही रत्नाकर और प्रदीप को निलंबित किया गया है। उल्लेखनीय है कि शांति नगर थाने में जुआ खेलने का भी इसी तरह से वीडियो वायरल हुआ था, जिसके चलते आधा दर्जन कर्मचारियों पर निलंबन की गाज िगरी थी।
टायर, बैटरी व तिरपाल बदल कर की धोखाधड़ी
वड़धामना में एक आयशर वाहन मालिक ने चालक के भरोसे गाड़ी दी, तो चालक ने गाड़ी का पार्ट ही बदल कर धोखाधड़ी की है। आरोपी कटिया बाजार जिला गोपालगंज, बिहार का है। इस मामले में पुलिस ने वैष्णव माता सोसाइटी महादेव नगर वाड़ी निवासी उमाकांत शंकर चौधरी (50), रवींद्र उर्फ रवींदर विजयी यादव (53) सुराबर्डी, संदीप रविंद्र यादव (19) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बरामद किया सामान
मंगलधाम सोसाइटी शाहू ले-आउट निवासी फरियादि अशोक मार्कण्डे शुक्ला (50) ने आयशर गाड़ी क्र एमएच 04 सीयू 1043 का इंजन सुधारने के लिए आरोपी उमाकांत को दी थी। उमाकांत ने गाड़ी के पीछे के दो टायर, बैटरी, एक तिरपाल कीमत 39 हजार बदल कर पुरानी लगा दी। संदेह होने पर अशोक ने इस संबंध में जब उमाकांत से पूछताछ की, तो आरोपी ने घटना से इनकार करते हुए अशोक से गाली-गलौंज कर अपने साथीदार को लेकर मारपीट की। उसके बाद अशोक ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो टायर, एक बैटरी व एक तिरपाल बरामद की है। जांच जारी है।
Created On :   20 March 2021 7:21 PM IST