तीसरा चरण : मैदान में पवार, खडसे, विखे पाटील, जगताप, राणे परिवार की नई पीढ़ी

Pawar,khadse, vikhe patil next generation in loksabha election
तीसरा चरण : मैदान में पवार, खडसे, विखे पाटील, जगताप, राणे परिवार की नई पीढ़ी
तीसरा चरण : मैदान में पवार, खडसे, विखे पाटील, जगताप, राणे परिवार की नई पीढ़ी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की 14 सीटों पर होने वाले मतदान में महाराष्ट्र के सियासी घरानों के दिग्गज नेताओं के पुत्र, पुत्री, बेटी, बहु और पत्नी की प्रतिष्ठा दांव पर होगी। खासबात यह है कि परिवारवाद को आगे बढ़ाने वाले इनमें से अधिकांश चेहरे युवा हैं। तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। प्रदेश की राजनीति में कई सालों से दबदबा रखने वाले मराठा क्षत्रप व राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के भाग्य का फैसला तीसरे चरण के चुनाव में होगा। बारामती सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस की उम्मीदवार सुप्रिया का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार कांचन कुल से है। कांचन राष्ट्रीय समाज पक्ष के विधायक राहुल कुल की पत्नी हैं। भाजपा ने सुप्रिया के खिलाफ महिला उम्मीदवार के रूप में कांचन को उतार कर कड़ी टक्कर देने की कोशिश की है। अहमदनगर सीट पर दो युवा चेहरों के बीच कांटे की टक्कर है। अहमदनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सुजय विखे पाटील के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस ने संग्राम जगताप को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा उम्मीदवार सुजय कांग्रेस नेता व विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील के बेटे हैं। जबकि संग्राम के पिता अरुणकाका जगताप राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधान परिषद के सदस्य हैं। संग्राम के ससुर शिवाजीराव कर्डिले भाजपा के विधायक हैं। चुनाव में कर्डिले के सामने दोहरी चुनौती थी कि वे अपने दामाद का साथ दें या फिर अपनी पार्टी के उम्मीदवारी का। पर कर्डिले ने पार्टी के उम्मीदवार सुजय के लिए प्रचार किया।


रावेर सीट से भाजपा उम्मीदवार रक्षा खडसे लगातार दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। रक्षा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बहु हैं। मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद खडसे भाजपा में अलग-थलग पड़े नजर आ रहे हैं। खडसे के सामने बहु रक्षा को दोबारा जीत दिलाने की चुनौती है। रावेर सीट पर भाजपा की रक्षा के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार उल्हास पाटील मैदान में है।

कोंकण की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे व महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष के उम्मीदवार नीलेश राणे अखाड़े में हैं। नीलेश के खिलाफ शिवसेना ने विनायक राऊत को उम्मीदवारी दी है। माढा सीट से भाजपा उम्मीदवार रणजीतसिंह नाईक-निंबालकर के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस ने संजय शिंदे को उतारा है। रणजीतसिंह पूर्व सांसद हिंदुराव नाईक-निंबालकर के पुत्र हैं। माढा सीट को भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने प्रतिष्ठा की बनी ली है। औरंगाबाद सीट पर शिवसेना ने चंद्रकांत खैरे को उम्मीदवारी दी है पर इस बार खैरे को घेरने के लिए मैदान में तीन विधायक उतर गए हैं। औरंगाबाद सीट से कांग्रेस ने विधान परिषद सदस्य सुभाष झांबड को उम्मीदवार बनाया है। जबकि वंचित बहुजन आघाड़ी की तरफ से एमआईएम के विधायक इम्तियाज जलील और निर्दलीय उम्मीदवार व शिवसेना के बागी विधायक हर्षवर्धन जाधव ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। जालना सीट भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे मैदान में हैं। दानवे के खिलाफ कांग्रेस ने विलास औताडे हैं। विलास के पिता केशवराव औताडे औरंगाबाद कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। 


पुणे सीट से प्रदेश के खाद्य व आपूर्ति मंत्री तथा भाजपा उम्मीदवार गिरीश बापट और कांग्रेस उम्मीदवार मोहन जोशी के बीच मुकाबला है। जलगांव सीट पर भाजपा उम्मीदवार उन्मेष पाटील और राष्ट्रवादी कांग्रेस के गुलाबराव देवकर के बीच चुनावी संघर्ष है। भाजपा उम्मीदवार उन्मेष विधायक भी हैं जबकि देवकर आघाड़ी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। रायगड सीट से शिवसेना की तरफ से केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री अनंत गीते उम्मीदवार हैं। गीते के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे उतरे हैं। सातारा सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार छत्रपति उदयन राजे भोसले और शिवसेना उम्मीदवार नरेंद्र पाटील के बीच मुकाबला है। नरेंद्र के पिता दिवगंत अण्णासाहेब पाटील दिग्गज माथाड़ी कामगार नेता थे। हातकणंगले सीट से स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के उम्मीदवार राजू शेट्टी के खिलाफ शिवसेना से धैर्यशील माने उतरे हैं। धैर्यशील पूर्व सांसद निवेदिता माने के बेटे हैं। कोल्हापुर सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस उम्मीदवार धनंजय महाडिक और शिवसेना उम्मीदवार संजय मंडलिक के बीच टक्कर है। संजय मंडलिक के पिता दिवगंत सदाशिवराव मंडलिक सांसद रह चुके हैं। सांगली सीट से भाजपा उम्मीदवार संजयकाका पाटील और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के विशाल पाटील के बीच टक्कर है। विशाल पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वसंतदादा पाटील के नाती हैं। 

तीसरे चरण में उतरने वाले दिग्गज नेताओं के परिवार के सदस्य

  • दिग्गज नेता                रिश्ता          उम्मीदवार                सीट           पार्टी 
  • शरद पवार                   पुत्री           सुप्रिया सुले                 बारामती         राष्ट्रवादी कांग्रेस       
  • राधाकृष्ण विखे पाटील     पुत्र           सुयज विखे पाटील   अहमदनगर      भाजपा 
  • अरुणकाका जगताप       पुत्र           संग्राम जगताप        अहमदनगर     राष्ट्रवादी कांग्रेस 
  • एकनाथ खडसे              बहु            रक्षा खडसे            रावेर              भाजपा 
  • नारायण राणे                 पुत्र          नीलेश राणे   रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग   महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष
  • केशवराव औताडे         पुत्र          विलास औताडे          जालना               कांग्रेस 
  • निवेदिता माने             पुत्र           धैर्यशील माने            हातकणंगले          शिवसेना 
  • राहुल कुल                 पत्नी         कांचन कुल            बारामती                     भाजपा 
  • वसंतदादा पाटील(दिवंगत)  पोता    विशाल पाटील     सांगली      स्वाभिमानी शेतकरी संगठन                
  • अण्णासाहेब पाटील (दिवंगत)  पुत्र   नरेंद्र पाटील         सातारा                       शिवसेना
  • हिंदुराव नाईक-निंबालकर (दिवंगत) पुत्र  रणजीतसिंह निंबालकर   माढा         भाजपा

 

Created On :   21 April 2019 2:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story